बलिया में संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत, भाई ने लगाया हत्या का आरोप
स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के नगहर गांव में बुधवार की देर शाम एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ससुराल वाले विषाक्त खाने से मौत होने का दावा कर रहे हैं। वहीं मृतका के मायके वालों ने दहेज के लिए गला घोटकर हत्या का आरोप लगाया गया है।
पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर पर मृत विवाहिता के पति, सास, ससुर सहित नौ व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। बुधवार की शाम नगहर गांव निवासी अतुल सिंह की 30 वर्षीय पत्नी अमृता सिंह को अचेता अवस्था में स्वजन रसड़ा सीएचसी लाए जहां से चिकित्सकों ने स्थिति गंभीर बताकर रेफर कर दिया। स्वजन उन्हें मऊ ले गए जहां उनकी मौत हो गई।
मृतका के स्वजन ने पुलिस को बताया है कि अमृता सिंह आवेश में आकर विषाक्त का सेवन कर लिया और इलाज के दौरान उसकी मौत हुई है। वहीं मृतका के भाई गड़वार निवासी अमित सिंह ने रसड़ा पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि मेरी बहन अमृता सिंह की शादी दो जून 2017 को नगहर गांव निवासी अतुल सिंह के साथ हुई थी।
शादी के बाद से ही मेरी बहन को दहेज के लिए ससुराल वाले उत्पीड़न किया करते थे। मैं खेत बेचकर अपनी बहन का शादी किया था। हत्या से एक दिन पूर्व ससुराल वालों ने उसकी जमकर पिटाई की जिसका फोटो मेरी बहन ने मुझे भेजा था। मेरी बहन के दो लड़के हैं। आरोप है कि दहेज लोभियों ने मेरी बहन का गला घोटकर मार दिया।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति अतुल सिंह, ससुर शंभुनाथ सिंह, सास आशा सिंह, भसूर चंचल सिंह, देवर हरि सिंह, रानू सिंह, भतीजा आयुष सिंह, देवर की पत्नी पूनम तथा दूसरे देवर की पत्नी जूही के खिलाफ दहेज हत्या सहित अन्य धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर विवेचना की कार्रवाई शुरू कर दी है। अमृता सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर ग्रामीण तरह-तरह की चर्चा करते रहे।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

