रायबरेली में पुलिया से टकराई कार, सिपाही समेत 3 की मौत और दो की हालत गंभीर; लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर किया रेफर

6.1kViews
1842 Shares

लखनऊ-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार की सुबह खैरहनी गांव के पास तेज रफ्तार कार पुलिया से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में रायबरेली न्यायालय में तैनात एक सिपाही समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बछरावां में प्राथमिक उपचार के बाद ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया है। मृतक जालौन, अमेठी व रायबरेली जनपद के रहने वाले थे।

बुधवार की सुबह करीब पौने नौ बजे लखनऊ की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर खैरहनी गांव के पास पुलिया से टकरा गई। बताया जा रहा है कि कार जालौन अमखेड़ा माधौगढ़ निवासी आरक्षी महाराज सिंह चला रहे थे। अचानक नींद की झपकी आने के कारण हादसा हुआ। टक्कर की तेज आवाज व चीख पुकार सुन आस पास लोग व राहगीर मदद के लिए दौड़े।

ट्रॉमा सेंटर लखनऊ किया रेफर

लोगों ने पुलिस को सूचना देने के साथ ही कार में बैठे महाराज सिंह, सेवानिवृत्त दारोगा रायबरेली के टिकवापुर गहरौली सरेनी लालगंज के चंद्रपाल सिंह, अमेठी के माेहनगंज के रजवापुर के राेहित, बछरावां के कुंडौली के माेहम्मद रियान व लखनऊ के तेलीबाग के रजत साहू को किसी तरह वाहन से बाहर निकाला।

इस दौरान पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने महाराज सिंह, चंद्रपाल सिंह व रोहित को मृत घोषित कर दिया, जबकि रियान व रजत की हालत नाजुक होने के चलते प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। घायल रजत ने बताया कि वह किसी काम से रायबरेली आ रहे थे। तेलीबाग में उन्होंने कार में लिफ्ट ली थी।

वहीं, रियान मुंबई में नौकरी करते हैं। वह मुंबई से घर लौट रहे थे, जबकि महाराज सिंह रायबरेली न्यायालय सुरक्षा में तैनात हैं वह ड्यूटी पर लौट रहे थे। प्रभारी निरीक्षक श्यामलाल पाल का कहना है कि घायलों को उपचार के लिए भेजा गया है। मृतकों के परिवारजन को सूचना दे दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *