चंदौसी में दर्दनाक हादसा: तीसरी मंजिल पर काम करते समय 11 हजार वोल्ट की लाइन की चपेट में आए मजदूर, एक की मौत, एक गंभीर

6.6kViews
1067 Shares

गणेश कालोनी में घर की तीसरी मंजिल पर दीवार का प्लास्टर करते समय दो मजदूर हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए। एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से झुलस गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराय गया है। सूचना पर मृतक के स्वजन भी पहुंच गए और जमकर हंगामा किया। पुलिस ने उन्हें समझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

मामला कालोनी की गली नंबर 10 का है। यहां श्रीनिवास के मकान में तीसरी मंजिल पर कमरा बन रहा है। पिछले करीब 10 दिन से यहां प्लास्टर का काम चल रहा था। कैथल के मझरा नवाबपुरा निवासी महेंद्र और बहजोई के रायपुर कलां निवासी भूदेव यहां काम कर रहे थे।

बताया जाता है कि बुधवार को ऊंचाई पर प्लास्टर करने के लिए पाड़ बांधा जा रहा था। इसी दौरान दोपहर करीब 12 बजे महेंद्र ने लोहे का पाइप उठाया था। पाइप उठाते वक्त वह घर के नजदीक से होकर गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाइटेंशन लाइन से छू गया।

करंट लगने से महेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भूदेव बुरी तरह झुलस गया। चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़ पड़े। पुलिस ने भूदेव को अस्पताल पहुंचाया।

इधर थोड़ी ही देर में मृतक महेंद्र के स्वजन भी वहां आ गए और हंगामा करने लगे। पुलिस ने उन्हें समझाने की कोशिश की लेकिन वह मकान मालिक को बुलाने की मांग पर अड़ गए।

पता चला कि मकान मालिक की डायलिसिस चल रही है, जिसके सिलसिले में वह पत्नी के साथ बरेली गए हुए थे। इसके बाद इंस्पेक्टर संत कुमार सिंह ने उन्हें समझाकर शांत किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

इस संबंध में एसई हिमांशु वार्ष्णेय ने कहा कि घटना की जानकारी मिली है। बताया जा रहा है कि काफी ऊंचाई पर काम चल रहा था और लोहे का पाइप उठाते समय हादसा हुआ है। बाकी जानकारी करा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *