घर, आंगन, खेत और बिस्तर… गुमला में हर ओर सांपों का आतंक, 24 घंटे में सात लोग बने शिकार

1825 Shares

गुमला जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में रविवार देर रात और सोमवार की सुबह सर्पदंश की सात अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं। सभी घायलों को स्वजन द्वारा आनन-फानन में सदर अस्पताल गुमला में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

पहली घटना सदर थाना क्षेत्र के पतिया गांव की है। गांव निवासी भूषण सिंह (55) रविवार देर रात किसी काम से पैदल गांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में जहरीले सांप ने उनके पैर में डंस लिया।

दूसरी घटना बसिया थाना क्षेत्र के बरटोली गांव में हुई। जहां मैनी देवी (41) अपने घर के आंगन में बर्तन धो रही थीं। इसी दौरान अचानक सांप ने उन्हें डंस लिया।

तीसरी घटना भरनो थाना क्षेत्र के अलगोरी गांव की है। पानखोई उरांव (17) रविवार रात अपने घर के कमरे में जमीन पर बिस्तर लगाकर सोए हुए थे। इसी दौरान बिस्तर में घुसे जहरीले सांप ने उन्हें डंस लिया।

चौथी घटना घाघरा थाना क्षेत्र में हुई। घाघरा निवासी ज्योतिष मुंडा (17) अपने घर की बारी में साफ-सफाई कर रहे थे। इसी दौरान जहरीले सांप ने उन्हें डंस लिया।

पांचवीं घटना पालकोट थाना क्षेत्र के टेंगरिया गांव में हुई, जहां रविवार रात दो लोगों को सांप ने डंस लिया। घायलों में सत्यम नायक (17) और छत्रपाल नायक (44) शामिल हैं।

वहीं छठी घटना बिशुनपुर थाना क्षेत्र के बनारी गांव में हुई। जहां विमला देवी (40) शौच के लिए खेत की ओर जा रही थीं। इसी दौरान सांप ने उनके पैर में डंस लिया। वहीं सभी घायलों का इलाज गुमला सदर अस्पताल में चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *