नोएडा से भोपाल में ब्याही गई मॉडल व अभिनेत्री त्विषा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले की जांच लगातार नए मोड़ ले रही है। मंगलवार को विशेष न्यायालय ने इस मामले में गिरफ्तार त्विषा की सास व पूर्व जिला न्यायाधीश गिरिबाला सिंह और उनके अधिवक्ता पुत्र समर्थ सिंह की न्यायिक हिरासत 14 दिनों के लिए बढ़ा दी।
सुनवाई के दौरान केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने अदालत में अहम आवेदन प्रस्तुत किया। जांच एजेंसी ने दोनों आरोपियों के वॉयस सैंपल लेने और समर्थ सिंह के जब्त किए गए लैपटॉप का पासवर्ड उपलब्ध कराने की अनुमति मांगी, ताकि डिजिटल और तकनीकी साक्ष्यों की गहन जांच की जा सके।
3 जुलाई को होगी अहम सुनवाई
अदालत ने CBI के दोनों आवेदनों पर सुनवाई के लिए 3 जुलाई की तारीख निर्धारित की है। वहीं, मामले की नियमित अगली सुनवाई 14 जुलाई को होगी। जांच एजेंसी फिलहाल डिजिटल साक्ष्यों के विश्लेषण में जुटी है और फॉरेंसिक जांच को आगे बढ़ाने की तैयारी कर रही है।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई पेशी
मंगलवार को गिरिबाला सिंह और समर्थ सिंह को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विशेष अदालत में पेश किया गया। इसी दौरान CBI ने जांच को आगे बढ़ाने के लिए आवेदन अदालत के समक्ष प्रस्तुत किए।
लैपटॉप लॉक, पासवर्ड की जरूरत
त्विषा शर्मा पक्ष के अधिवक्ता शुभांग दीक्षित ने बताया कि समर्थ सिंह का लैपटॉप CBI पहले ही जब्त कर चुकी है, लेकिन वह लॉक होने के कारण उसकी जांच पूरी नहीं हो पा रही है। डिजिटल साक्ष्य हासिल करने और फॉरेंसिक परीक्षण पूरा करने के लिए लैपटॉप का पासवर्ड आवश्यक है।
उन्होंने यह भी बताया कि वॉयस सैंपल लेने संबंधी आवेदन पर फिलहाल अदालत ने आरोपित पक्ष से जवाब मांगा है। दूसरी ओर CBI ने अदालत को अवगत कराया कि दिल्ली स्थित एम्स से दूसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट अभी प्राप्त नहीं हुई है, जिसके बाद जांच के अगले चरण को आगे बढ़ाया जाएगा।


