वर्ल्ड क्लास बनेगा गया जंक्शन: प्लेटफॉर्म-1 पर होगा मेगा ब्लॉक, राजधानी समेत कई ट्रेनों का बदलेगा ठिकाना

1249 Shares

गया जंक्शन पूर्व मध्य रेलवे के सबसे व्यस्त स्टेशनों में शामिल है। प्रतिदिन हजारों यात्री यहां से सफर करते हैं। ऐसे में प्लेटफॉर्म-1 और 1ए का पुनर्विकास केवल निर्माण कार्य नहीं, बल्कि यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और विश्वस्तरीय सुविधाएं देने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

कुछ समय की असुविधा के बाद यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त नया प्लेटफॉर्म मिलेगा, जो आने वाले वर्षों तक गया जंक्शन की नई पहचान बनेगा।

रेल सूत्रों के अनुसार, गया जंक्शन के प्लेटफॉर्म-1 और 1ए का पुनर्विकास के लिए मेगा ब्लॉक की स्वीकृति के लिए प्रस्ताव संबंधित अधिकारियों को भेजा जा चुका है।

मंजूरी मिलते ही निर्माण कार्य शुरू होगा। इसका सबसे बड़ा असर राजधानी एक्सप्रेस सहित कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के परिचालन पर पड़ेगा। ब्लाक अवधि में इन ट्रेनों का संचालन प्लेटफॉर्म संख्या-2 और 3 से किया जाएगा।

राजधानी समेत कई ट्रेनों का बदलेगा प्लेटफॉर्म:

मेगा ब्लाक लागू होने के बाद प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर ट्रेनों का परिचालन बंद रहेगा। ऐसे में नई दिल्ली-रांची राजधानी एक्सप्रेस सहित कई महत्वपूर्ण ट्रेनों को प्लेटफॉर्म-2 और 3 से चलाया जाएगा।

ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान प्लेटफॉर्म में बदलाव की जानकारी उद्घोषणा, डिजिटल डिस्प्ले और सूचना बोर्ड के माध्यम से दी जाएगी।

रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि स्टेशन पहुंचने के बाद सीधे प्लेटफॉर्म-1 की ओर न जाएं, बल्कि पहले ट्रेन का प्लेटफॉर्म नंबर अवश्य देख लें।

अब लंबा, चौड़ा और ऊंचा होगा प्लेटफॉर्म

वर्तमान में कई लंबी दूरी की ट्रेनों के सभी कोच प्लेटफॉर्म पर नहीं आ पाते हैं। इससे यात्रियों को काफी परेशानी होती है। निर्माण कार्य के बाद प्लेटफॉर्म की लंबाई बढ़ाई जाएगी, ताकि लंबी ट्रेनों के सभी डिब्बे प्लेटफॉर्म पर लग सकें।

चौड़ाई बढ़ने से भीड़ कम होगी और यात्रियों की आवाजाही आसान होगी। प्लेटफॉर्म की ऊंचाई भी रेलवे मानकों के अनुरूप कर दी जाएगी, जिससे बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांग यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने-उतरने में सुविधा मिलेगी।

90 मीटर लंबे शेड से मिलेगी राहत:

गर्मी, बारिश और ठंड के मौसम में यात्रियों को अब खुले आसमान के नीचे इंतजार नहीं करना पड़ेगा। प्लेटफॉर्म-1 पर लगभग 90 मीटर लंबा आधुनिक शेड लगाया जाएगा। इसका स्टील फ्रेम पहले ही तैयार हो चुका है। ब्लाक मिलते ही इसे लगाने का काम शुरू होगा।

यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं:

पुनर्विकास के बाद प्लेटफॉर्म पर नई एलईडी लाइटें, आधुनिक सूचना प्रणाली, बेहतर बैठने की व्यवस्था, सुरक्षित पैदल आवागमन, साफ-सुथरा फर्श और अन्य यात्री सुविधाएं विकसित की जाएंगी। रेलवे का उद्देश्य गया जंक्शन को विश्वस्तरीय स्टेशन के रूप में विकसित करना है।

निर्माण के दौरान सुरक्षा पर रहेगा विशेष ध्यान

निर्माण स्थल को पूरी तरह बैरिकेडिंग कर सुरक्षित बनाया जाएगा। यात्रियों को सही दिशा दिखाने के लिए अतिरिक्त संकेतक लगाए जाएंगे और रेलकर्मियों की तैनाती रहेगी। रेलवे का प्रयास रहेगा कि निर्माण कार्य के दौरान ट्रेनों का संचालन अधिक प्रभावित न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *