सेटेलाइट पर एक ठेले के नीचे आधी रात एक नवजात (लड़का) पड़ा मिला। जिस तरह से उसे ठेले के नीचे छिपाया गया उससे यह प्रतीत होता है कि बच्चे का अपहरण कर लाया गया हो, कोई पकड़ न ले इसलिए वहां पर छिपा दिया। बच्चे की रोने की आवाज सुनकर स्थानीय लोगों ने उसे उठाकर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस अब सीसीटीवी खंगाल रही है कि आखिर उसे ठेले के नीचे रखकर कौन किया मगर जिस स्थान पर बच्चा रखा गया था वहां पर कोई सीसीटीवी कैमरा लगा ही नहीं हैं। पुलिस जांच में जुटी है।
सेटेलाइट पर नगर निगम ने सड़क किनारे वेंडिंग जोन बनाया हुआ है। जहां पर चाय, मैगी आदि के ठेले संचालित होते हैं। शनिवार रात करीब डेढ़ बजे एक ठेले के नीचे से बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। स्थानीय लोगों ने पहले इधर-उधर ढूंढा मगर बच्चा नहीं मिला जब ठेले के नीचे झांककर देखा तो ठेले की सरियों के बीच में कपड़े में लिपटा हुआ बच्चा रखा था।
स्थानीय लोगों ने उसे वहां से निकाला तो देखा कि बच्चा अच्छे कपड़े पहने हुए था। उसे उठा लिया और चुप कराया। इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। मौके से सेटेलाइट चौकी इंचार्ज मयंक कुमार भी पहुंच गए। बच्चे के बारे में पूछताछ की तो वहां न तो उसे किसी ने रखते देखा था न ही बच्चे को कोई पहचानता था।
लोगों का कहना था कि जिस तरह से बच्चे को वहां पर छिपाकर रखा गया था। इससे यह लग रहा है कि उसका कहीं से अपहरण करके लाया गया हो, क्योंकि यदि वह लड़की होती तो एक बार को यह मान लिया जाता कि लड़की होने की वजह से उसे कोई छोड़कर चला गया। लड़का होने की वजह से लोगों के दिमाग में तमाम तरह के सवाल कौंध रहे हैं।
उधर, पुलिस ने आइ ट्रिपल सी के सीसीटीवी कैमरे खंगाले मगर उस स्थान पर कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं हैं जहां पर बच्चे को रखा गया था। पुलिस ने सबसे पहले बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसे स्वस्थ बताया गया। अब उसे बाल कल्याण समिति के सामने पेश किया जाएगा।
बच्चा कहां रखा जाए पहले की गई रेकी
जिस स्थान पर बच्चे को रखा गया था वहां पर कोई सीसीटीवी कैमरा कवर नहीं करता है। इससे यह आशंका है कि आरोपित ने पहले इस बात का पता लगाया होगा कि कहां पर सीसीटीवी कैमरे नहीं है। इसके बाद ही उसे उस स्थान पर छिपाया गया जहां सीसीटीवी कैमरे कवर नहीं करते थे। सेटेलाइट चौकी इंचार्ज मयंक कुमार का कहना हैं कि आरोपित की तलाश जारी है। जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

