UGEAC 2026 काउंसिलिंग में MIT की धाक, टॉप 4 रैंकर्स समेत 59 टॉप 100 छात्रों का आवंटन

1367 Shares

यूजीईएसी (अंडर ग्रेजुएट इंजीनियरिंग एडमिशन काउंसिलिंग) 2026 के प्रथम राउंड की सीट आवंटन सूची में मुजफ्फरपुर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एमआईटी) ने एक बार फिर अपनी मजबूत स्थिति दर्ज कराई है।

राज्य स्तर के टॉप रैंकर्स ने नामांकन के लिए एमआईटी को पहली पसंद बनाया है। अनारक्षित (यूआर) वर्ग में प्रथम से चौथी रैंक तक के अभ्यर्थियों को एमआईटी आवंटित किया गया है।

59 विद्यार्थियों का एमआईटी में आवंटन

प्रथम चरण की काउंसिलिंग में राज्यभर के 41 इंजीनियरिंग संस्थानों की कुल 10,883 सीटों का आवंटन किया गया है। इनमें एमआईटी, मुजफ्फरपुर को 563 विद्यार्थियों का आवंटन मिला है। टॉप-100 रैंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में सर्वाधिक 59 को एमआईटी आवंटित किया गया है।

इन 59 विद्यार्थियों में सबसे अधिक 36 अभ्यर्थियों को कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (सीएसई) शाखा मिली है, जबकि अन्य विद्यार्थियों का आवंटन विभिन्न शाखाओं में किया गया है।

टॉप रैंकर्स ने चुनी एमआईटी

यूआर श्रेणी में प्रथम रैंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थी अनीश कुमार को कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग शाखा आवंटित की गई है। उनका जेईई मेन रैंक 34,176 है। वहीं, दूसरी रैंक वाले अभ्यर्थी को सिविल इंजीनियरिंग तथा तीसरी रैंक वाले अभ्यर्थी को कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग शाखा मिली है।

मंगलवार से शुरू होगा नामांकन

प्रथम राउंड के आवंटन के आधार पर इंजीनियरिंग कॉलेजों में नामांकन प्रक्रिया मंगलवार से गुरुवार तक चलेगी। इसके बाद दूसरे चरण की काउंसिलिंग शुरू होगी। बीटेक की सीटों पर प्रवेश जेईई मेन स्कोर के आधार पर होगा। यदि इसके बाद भी सीटें रिक्त रहती हैं, तो बीसीईसीई के माध्यम से नामांकन किया जाएगा।

एमआईटी के प्राचार्य प्रो. एम.के. झा ने कहा कि राज्य के टॉप रैंकर्स का एमआईटी में आवंटन संस्थान की शैक्षणिक गुणवत्ता और बढ़ती प्रतिष्ठा का प्रमाण है।

कंप्यूटर साइंस की सबसे अधिक मांग

प्रथम राउंड में एमआईटी की कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग शाखा सबसे अधिक पसंद की गई। इस शाखा की ओपनिंग रैंक 1 और क्लोजिंग रैंक 35 रही।

अन्य प्रमुख शाखाओं की क्लोजिंग रैंक इस प्रकार रही—

  • आईटी: 134
  • ईसीई: 216
  • मैथेमैटिक्स एंड कंप्यूटिंग: 250
  • सिविल इंजीनियरिंग: 309
  • इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग: 529
  • मैकेनिकल इंजीनियरिंग: 784

टॉप-100 विद्यार्थियों का शाखावार आवंटन

एमआईटी में टॉप-100 रैंक प्राप्त विद्यार्थियों का शाखावार आवंटन इस प्रकार है

  • कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग : 36
  • सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) : 7
  • इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग : 5
  • सिविल इंजीनियरिंग : 5
  • इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग : 3
  • मैकेनिकल इंजीनियरिंग : 1
  • केमिकल टेक्नोलॉजी : 1
  • मैथेमैटिक्स एंड कंप्यूटिंग : 1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *