मुक्तसर में 9 इंच दीवार तोड़कर कुरियर दफ्तर में घुसे चोर, 80 हजार रुपये ले उड़े; पूरी वारदात कैमरे में कैद

1209 Shares

श्री मुक्तसर साहिब में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। पुलिस भले ही रात के समय गश्त बढ़ाने का दावा कर रही हो, लेकिन चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला बठिंडा रोड स्थित एक कुरियर दफ्तर से सामने आया है, जहां अज्ञात चोरों ने नौ इंच मोटी दीवार में सेंध लगाकर अंदर प्रवेश किया और गल्ला तोड़कर करीब 80 हजार रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए।

पूरी वारदात दफ्तर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। घटना के बाद इलाके के व्यापारियों में दहशत का माहौल है और पुलिस गश्त को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात करीब डेढ़ बजे चोरों ने दफ्तर की पिछली ओर से नौ इंच मोटी दीवार में बड़ा सुराख किया। इसके बाद वे अंदर दाखिल हुए और दफ्तर में रखे गल्ले को तोड़ दिया।

गल्ले में रखी करीब 80 हजार रुपये की नकदी लेकर चोर मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि यह राशि कंपनी की डिलीवरी और नकद संग्रह की थी।

दफ्तर खुला तो चोरी का लगा पता

दफ्तर के कर्मचारी सुखजिंदर सिंह ने बताया कि सुबह करीब छह बजे जब कर्मचारी दफ्तर पहुंचे और ताला खोलकर अंदर गए तो सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। गल्ला टूटा हुआ मिला और दीवार में बड़ा छेद देखकर सभी हैरान रह गए। इसके बाद तुरंत आपातकालीन सहायता नंबर 112 पर सूचना देकर पुलिस को बुलाया गया।सूचना मिलते ही थाना सिटी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, साक्ष्य जुटाए और दफ्तर में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग अपने कब्जे में ले ली। अधिकारियों के अनुसार, फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके साथ ही आसपास के प्रतिष्ठानों और मार्गों पर लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है, ताकि चोरों की गतिविधियों और उनके आने-जाने के रास्ते का पता लगाया जा सके।

पुलिस गश्त बढ़ाने की उठी मांग

घटना के बाद इलाके के दुकानदारों और व्यापारियों में रोष है। उनका कहना है कि लगातार चोरी की घटनाओं के बावजूद रात के समय सुरक्षा व्यवस्था पर्याप्त नहीं है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, ताकि ऐसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान करने का प्रयास जारी है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही चोरी की इस वारदात का खुलासा कर आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *