कमरे में सहारनपुर की युवती और केरलम के लैब टेक्नीशियन का शव मिलने से सनसनी

2.0kViews
1733 Shares

 कोतवाली सदर बाजार क्षेत्र स्थित में एसबीआई कॉलोनी स्थित तिरंगा चौक के पास एक मकान में लैब टेक्नीशियन और युवती के शव मिले। पुलिस ने मकान का दरवाजा तोड़कर शवों को बाहर निकाला। पुलिस की जांच में सामने आया कि दोनों ने प्रेम प्रसंग के चलते आत्महत्या की है। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के सही कारण स्पष्ट होंगे।

बुधवार रात पुलिस को सूचना मिली कि एसबीआई कॉलोनी स्थित एक मकान में रहने वाले व्यक्ति ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर रखा है और काफी आवाज देने के बावजूद दरवाजा नहीं खोल रहा है। कोतवाली सदर बाजार पुलिस मौके पर पहुंची। खिड़की से अंदर देखने पर संदिग्ध स्थिति दिखाई देने पर आसपास के लोगों की मौजूदगी में दरवाजा तोड़ा गया।

कमरे के अंदर एक युवक और एक युवती के शव पड़े मिले। एसएसपी अभिनन्दन सिंह और एसपी सिटी व्योम बिंदल भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दरवाजा तोड़ा और दोनों के शवों को बाहर निकाला। मृतक युवक की पहचान सैम कमनिश (40) निवासी केरलम और युवती आस्था (23) निवासी रसूलपुर पापडेकी के रूप में हुई। युवक दिल्ली रोड स्थित एक निजी अस्पताल में लैब टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत था।

फोरेंसिक और फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और बारीकी से जांच की। पुलिस के मुताबिक प्रथमदृष्टया मृतक ने पहले अपने हाथ की कलाई की नस काटी और इसके बाद कमरे की खिड़की से पार्शियल हैंगिंग कर आत्महत्या की। वहीं युवती की मौत प्रथमदृष्टया किसी जहरीले पदार्थ के सेवन से होना प्रतीत हो रही है। उसके शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं।सीओ द्वितीय मनोज कुमार यादव ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की सही वजह पता चलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *