दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे पर हाल के दिनों में हुए सड़क हादसों के बाद परिवहन विभाग ने वाहन चालकों के लिए विस्तृत सुरक्षा सलाह जारी की है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि थोड़ी-सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। इसलिए एक्सप्रेस-वे पर सफर शुरू करने से पहले वाहन की जांच करने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की गई है।
उप परिवहन आयुक्त शैलेश तिवारी ने बताया कि चालक यात्रा शुरू करने से पहले ही अपने प्रवेश और निकास बिंदु की योजना बना लें। एक्सप्रेस-वे पर निर्धारित गति सीमा का पालन अनिवार्य है। कारों के लिए अधिकतम गति 100 किलोमीटर प्रति घंटा और भारी वाहनों के लिए 80 किलोमीटर प्रति घंटा तय की गई है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर इलेक्ट्रॉनिक कैमरों के माध्यम से चालान किया जा रहा है।
बरतें विशेष सतर्कता
विभाग ने सलाह दी है कि एक्सप्रेस-वे पर बीच रास्ते में वाहन रोकना, यू-टर्न लेना, रिवर्स चलना या गलत दिशा में वाहन चलाना पूरी तरह प्रतिबंधित है। राजाजी नेशनल पार्क क्षेत्र में अनावश्यक हॉर्न बजाने से बचें और रात के समय वन्यजीवों की आवाजाही को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतें। आशारोड़ी और डाटकाली सुरंग क्षेत्र में वाहन की लाइट चालू रखकर सावधानी से वाहन चलाने की भी सलाह दी गई है।
साथ ही यात्रा से पहले वाहन की सर्विस, टायरों की स्थिति, हवा का दबाव और ईंधन की जांच करने को कहा गया है। विभाग का कहना है कि एक्सप्रेस-वे पर अभी सभी स्थानों पर पेट्रोल पंप और अन्य सुविधाएं पूरी तरह विकसित नहीं हुई हैं, इसलिए पर्याप्त तैयारी के साथ ही यात्रा शुरू करें।
सफर के दौरान इन बातों का रखें ध्यान
- बीच रास्ते में वाहन न रोकें और न ही यू-टर्न या रिवर्स करें।
- गलत दिशा में वाहन चलाने से बचें।
- निर्धारित गति सीमा का सख्ती से पालन करें।
- राजाजी क्षेत्र में अनावश्यक हॉर्न न बजाएं।
- सुरंग क्षेत्र में वाहन की लाइट चालू रखें।
- सफर से पहले टायर, ब्रेक, सर्विस और ईंधन की जांच अवश्य कर लें।


