Meerut Metro का संचालन कब शुरू हुआ? UPSSSC की फार्मासिस्ट मुख्य परीक्षा में पूछा गया यह सवाल

उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग लखनऊ की ओर से आयोजित फार्मासिस्ट मुख्य परीक्षा-2026 परीक्षा सोमवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच से सकुशल संपन्न हो गई। परीक्षा में मेरठ मेट्रो से लेकर प्रीपेड स्मार्ट मीटर के बारे में कई चर्चित सवाल पूछे गए।

इनमें एक सवाल था उत्तर प्रदेश में मेरठ मेट्रो का संचालन कब शुरू हुआ था। प्रत्येक सवाल के पांच विकल्प दिए गए थे, जिनमें से एक का चयन करना था। इनमें मेरठ मेट्रो के संचालन का फरवरी-2026 का विकल्प सही रहा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गत 22 फरवरी 2026 को मेरठ मेट्रो ट्रेन व नमो भारत ट्रेन का एक साथ मेरठ से दैनिक जागरण मेरठ आफिस के पास स्थित शताब्दीनगर स्टेशन से किया था।

शहर के 14 केंद्रों पर हुई परीक्षा

आयोग की ओर से सोमवार को आयोजित फार्मासिस्ट मुख्य परीक्षा के लिए शहर में 14 केंद्र बनाए गए थे। इन केंद्रों पर 6,768 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। शहर में पीएमश्री राजकीय इंटर कालेज मेरठ समेत अन्य केंद्रों पर सुबह की पाली में 10 से लेकर दोपहर 12 बजे तक यह परीक्षा सकुशल संपन्न हुई।

परीक्षा में आए सौ सवाल

परीक्षा में हल करने के लिए कुल 100 सवाल आए। इन सवालों को 120 मिनट में हल करना था। परीक्षा में एक चौथाई निगेटिव मार्किंग भी था, जिस कारण अभ्यर्थियों ने कई सवाल छोड़ दिए।

भारत का पहला सुपर कंप्यूटर कौन सा था? यह सवाल भी पूछा गया

उत्तर प्रदेश में कौन सा शिल्प पीतल के काम से संबंधित है। इसका सही उत्तर मुरादाबाद शिल्प रहा। उत्तर प्रदेश में दोआब क्षेत्र का अर्थ है। सही उत्तर दो नदियों के बीच की भूमि रहा। उत्तर प्रदेश का कौन सा शहर चिकनकारी कढ़ाई के लिए प्रसिद्ध है। सही उत्तर लखनऊ रहा।

भारत का पहला सुपर कंप्यूटर कौन सा था। इस सवाल का सही उत्तर परम रहा। पद्मावत प्रसिद्ध साहित्यिक कृति किसने लिखी। सही उत्तर मलिक मोहम्मद जायसी रहा। उत्तर प्रदेश का कौन सा शहर नवाबों का शहर कहलाता है। सही उत्तर लखनऊ रहा।

उत्तर प्रदेश में कालीन बुनाई का प्रमुख केंद्र कौन सा है। सही उत्तर भदोही रहा। सेंट्रल प्रोसेसिंग यूनिट यानी सीपीयू को किस नाम से भी जाना जाता है। सही उत्तर कंप्यूटर का मस्तिष्क रहा। इसी तरह के कई अन्य सवाल और भी पूछे गए थे।

अभ्यर्थी बोले, ईजी टू माडरेट रहा पेपर

पीएमश्री राजकीय इंटर कालेज मेरठ से परीक्षा देकर निकले अभ्यर्थियों का कहना था कि पेपर इजी टू माडरेट रहा। परीक्षा में सामान्य ज्ञान और कंप्यूटर से संबंधित सवाल आसान थे, जबकि फार्मा से संबंधित सवाल थोड़ा मुश्किल लगे। इससे पूर्व सभी परीक्षा केंद्रों पर सघन तलाशी के बाद अभ्यर्थियों को केंद्रों पर प्रवेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *