यूपी-बिहार बॉर्डर पर बड़ा पर्दाफाश, बगहा में कागज की खेप में छिपाकर लाई जा रही थी कोडीन सिरप

 बिहार में शराबबंदी के बीच नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ उत्पाद विभाग को बड़ी सफलता मिली है।

उत्पाद विभाग की टीम ने उत्तर प्रदेश से बिहार में प्रवेश कर रहे एक ट्रक से करीब 17 लाख रुपये मूल्य की प्रतिबंधित कोडीन सिरप बरामद की है।

कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया। ट्रक को जब्त कर लिया गया है। मामले में उत्पाद विभाग तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुट गया है।

उत्तर प्रदेश से आने वाले वाहनों की जांच में पर्दाफाश

उत्पाद निरीक्षक सह थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि रविवार को उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश से आने वाले वाहनों की सघन जांच की जा रही थी।

इसी दौरान धनहा की ओर से आ रहे 10 चक्का ट्रक (यूपी 53 एचटी 0269) को रोककर तलाशी ली गई। चालक ने पूछताछ में बताया कि ट्रक में कानपुर से बेगूसराय के लिए कागज की खेप ले जाई जा रही है। संदेह होने पर जवानों की मदद से ट्रक की गहन जांच की गई।

तलाशी के दौरान कागज के बंडलों के बीच कई कार्टन छिपाकर रखे मिले। कार्टनों को खोलने पर उनमें दवा की शीशियां बरामद हुईं।

जब चालक से दवा से संबंधित वैध कागजात मांगे गए तो वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। जांच में बरामद दवा को प्रतिबंधित कोडीन सिरप पाया गया। इसके बाद ट्रक और चालक दोनों को कब्जे में ले लिया गया।

83 पेटी कोडीन सिरप बरामद

थानाध्यक्ष ने बताया कि ट्रक से कुल 83 पेटी कोडीन सिरप बरामद हुई है, जिसकी कुल मात्रा लगभग 996 लीटर है। इसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 17 लाख रुपये आंकी गई है।

गिरफ्तार चालक की पहचान उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के मिल एरिया थाना निवासी चंचल सिंह, पिता लालबाकाश सिंह के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार चालक से गहन पूछताछ की जा रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि प्रतिबंधित सिरप की खेप किसके कहने पर भेजी जा रही थी, इसका अंतिम गंतव्य क्या था तथा इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। विभाग पूरे नेटवर्क की जांच में जुटा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *