मानकनगर में आरडीएसओ आफिसर्स क्लब के पास शुक्रवार रात सेल्सगर्ल को सिरफिरे ने भाई व दो साथियों की मदद से रास्ते में रोककर पेट में चाकू मार दिया। चीख-पुकार मचाने पर आरोपित ने उसकी गर्दन पर चाकू रख दिया। बीच-बचाव करने आए एक राहगीर पर भी आरोपित ने चाकू से वार किया। युवती हल्की चोटिल हो गई और प्राथमिक उपचार के बाद उसको घर भेज दिया गया।
लोगों की भीड़ जुटती देख आरोपित भाई व साथियों संग भाग निकला। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। मानकनगर पुलिस ने दो नामजद व दो अज्ञात की तलाश कर रही है। हरदोई निवासी शालिनी पति से अलगाव के चलते मानकनगर के मेहंदीखेड़ा में मायके में रहती है और साड़ी की दुकान पर काम करती है।
एसओ अजीत कुमार ने बताया कि शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे दुकान बंद होने के बाद शालिनी पैदल घर जा रही थी। जैसे ही वह आरडीएसओ आफिसर्स क्लब के पास पहुंची। तभी मोहल्ले में रहने वाला विकास यादव, उसका भाई शिवा यादव व दो अन्य लोग वहां आ गए। विकास ने गाड़ी से उतरते ही शालिनी के पेट पर चाकू मार दिया। विरोध करते हुए पीड़ित ने शोर मचाने का प्रयास किया। इस पर आरोपी ने चाकू उसकी गर्दन पर रखकर जान से मारने की धमकी दी।
आरोपित ने राहगीर पर भी किया चाकू से वार
यह देख वहां राहगीर रुक गए और पुलिस को सूचना देने के साथ ही मोबाइल पर वीडियो बनाने लगे। चश्मदीदों ने बताया कि आरोपित चिल्ला रहा था कि तुमने धोखा दिया है। अगर उसकी नहीं हो सकती तो किसी की होने नहीं दूंगा। इसी दौरान एक राहगीर ने हिम्मत दिखाई। घायल युवती को बचाने के लिए आरोपित से भिड़ गया।
खुद को घिरता देख आरोपित ने राहगीर पर भी चाकू से वार किया। जिससे वह लहूलुहान हो गया। लोगों ने घेराबंदी कर आरोपित को पकड़ा। इस दौरान भाई ने साथियों की मदद से उसे छुड़ाया और फिर सभी भाग निकले। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। आरोपित शादी के लिए दबाव बनाता था। मानकनगर पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर शनिवार तड़के दो नामजद व दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसओ ने बताया कि आरोपितों की तलाश की जा रही है।
पेट्रोलिंग पर उठे सवाल
घटना काफी देर तक चलती रही, लेकिन मौके पर पुलिस का कुछ अता-पता नहीं था। आरोपित काफी देर तक गले पर चाकू रखकर पीड़िता को बंधक बनाए रखाह, लेकिन पुलिस को भनक नहीं लगी। इंटरनेट मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और मौके पर पहुंची।


