सुपौल में युवाओं के लिए सुनहरा मौका, 15 जून को लगेगा रोजगार शिविर; 100 पदों पर होगी भर्ती

1002 Shares

 जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए अच्छी खबर है। युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, बिहार के तत्वावधान में जिला नियोजनालय, सुपौल द्वारा 15 जून को एक दिवसीय रोजगार शिविर का आयोजन किया जाएगा।

संयुक्त श्रम भवन स्थित जिला नियोजनालय परिसर में सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक चलने वाले इस शिविर में निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनी विजन इंडिया सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा युवाओं का चयन किया जाएगा।

जिला नियोजनालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार कंपनी द्वारा एनएपीएस ट्रेनी के कुल 100 पदों पर भर्ती की जाएगी। चयन प्रक्रिया पूरी तरह साक्षात्कार आधारित होगी। चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति गोवा के पोंडा स्थित औद्योगिक इकाइयों में की जाएगी।

कंपनी द्वारा चयनित अभ्यर्थियों को प्रतिमाह 17,150 रुपये से 19,150 रुपये तक वेतन के साथ कैंटीन सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। भर्ती प्रक्रिया में 18 से 28 वर्ष आयु वर्ग के युवक एवं युवतियां भाग ले सकते हैं।

शैक्षणिक योग्यता के रूप में 10वीं, 12वीं, आईटीआई उत्तीर्ण तथा 10 वीं से कम योग्यता वाले अभ्यर्थी भी आवेदन के पात्र होंगे। जिला नियोजनालय ने अधिक से अधिक युवाओं से रोजगार शिविर में भाग लेने की अपील की है। शिविर के दौरान नेशनल करियर सर्विस (एनसीएस) पोर्टल पर निश्शुल्क निबंधन की भी व्यवस्था की जाएगी।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि रोजगार शिविर में प्रवेश पूरी तरह निश्शुल्क रहेगा तथा किसी भी प्रकार के दलाल या एजेंट के झांसे में नहीं आने की सलाह दी गई है। नियोजन से संबंधित सभी शर्तों एवं नियमों के लिए संबंधित कंपनी जिम्मेदार होगी, जबकि विभाग केवल सुविधा प्रदाता की भूमिका निभाएगा।

जिला नियोजन पदाधिकारी ने बताया कि निजी क्षेत्र में रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए यह सुनहरा अवसर है और इच्छुक अभ्यर्थियों को निर्धारित समय पर सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर स्थल पर पहुंचने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *