‘विलय या गठबंधन…’, TMC सांसद सौगत रॉय के बयान से अटकलें तेज, बताया कितना जरूरी है कांग्रेस का साथ

तृणमूल कांग्रेस (TMC) में बगावत और कांग्रेस के साथ विलय की अटकलें के बीच पार्टी सांसद सौगत रॉय ने गुरुवार को बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के खिलाफ लड़ाई के लिए कांग्रेस के साथ मिलकर काम करना जरूरी है। हालांकि उन्होंने कांग्रेस-TMC विलय पर स्पष्ट जवाब देने से परहेज किया।’

‘हम देखेंगे विलय या गठबंधन’

समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में सौगत रॉय ने कहा, ‘हमारे लिए कांग्रेस के साथ मिलकर काम करना जरूरी है। मैं बस इतना ही कह सकता हूं। हम देखेंगे कि विलय होता है या गठबंधन।’ राज्यसभा सांसद प्रकाश चिक बारिक ने गुरुवार को उच्च सदन से इस्तीफा दे दिया। यह एक हफ्ते के अंदर तीसरा इस्तीफा है।

इससे पहले 10 जून को सुष्मिता देव और 8 जून को सुखेंदु शेखर रॉय ने TMC की सदस्यता और संसद की सदस्यता से इस्तीफा दिया था। इस्तीफा देने के बाद बारिक ने कहा, ‘पश्चिम बंगाल के लोगों की राय को स्वीकार करते हुए मैंने इस्तीफा दिया है।’

बारिक पहुंचे BJP सांसद के घर

TMC सांसदों के NDA में शामिल होने की अटकलें तेज हैं। बारिक गुरुवार को भाजपा लोकसभा सांसद निशिकांत दुबे के आवास पर पहुंचे। जब उनसे भाजपा में शामिल होने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, ‘समय ही बताएगा।’

‘ऑपरेशन लोटस’ पर TMC का हमला

TMC नेता कीर्ति आजाद ने भाजपा पर ‘ऑपरेशन लोटस’ चलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सांसदों को पैसे की पेशकश, धमकी दी जा रही है और पश्चिम बंगाल पुलिस उनके घरों व दफ्तरों पर डेरा डाले हुए है। आजाद ने गृह मंत्री अमित शाह पर तंज कसते हुए लिखा कि यह चाल काम नहीं कर रही है।

कांग्रेस ने भी साधा निशाना

असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी केवल सत्ता हथियाने में लगी है। दिल्ली में पत्रकारों से बात करते हुए गोगोई ने दावा किया कि भाजपा सत्ता में रहते हुए देश की मुख्य समस्याओं का समाधान नहीं कर सकती। TMC में आंतरिक कलह और गुटबाजी बढ़ती जा रही है। कई राज्यसभा सांसद पार्टी छोड़ रहे हैं, जिससे पार्टी के भविष्य को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *