दवाई लेकर लौट रहा था परिवार, फरीदकोट में तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर; पिता और मासूम की मौत

 पंजाब के फरीदकोट जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। दवाई लेकर घर लौट रहे एक परिवार की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब तेज रफ्तार कार ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में मोटरसाइकिल चला रहे व्यक्ति और उसके एक छोटे बच्चे की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और दूसरा बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार गांव बीड़ चहल निवासी बलकार सिंह अपनी पत्नी और दो छोटे बच्चों के साथ मोटरसाइकिल पर दवाई लेने के लिए गांव मल्लांवाला गए थे। दवाई लेने के बाद पूरा परिवार वापस अपने गांव लौट रहा था। जब वे नानकसर बस्ती के नजदीक पहुंचे तो फरीदकोट की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल सवार परिवार सड़क पर दूर तक जा गिरा। हादसे के बाद आसपास के लोग तुरंत मौके पर एकत्र हो गए। लोगों ने घायल परिवार को संभालने का प्रयास किया और तत्काल सहायता उपलब्ध करवाई।

घटनास्थल पर खड़ी क्षतिग्रस्त कार, जिसने बाइक को टक्कर मारी।

वाहन चालक हुआ फरार

स्थानीय लोगों ने बताया कि दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। जब तक घायलों को अस्पताल पहुंचाने की तैयारी की गई, तब तक बलकार सिंह और उनके एक बच्चे की मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल महिला और दूसरे बच्चे को तत्काल उपचार के लिए गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है और चिकित्सकों की टीम उनका इलाज कर रही है।

पुलिस ने जांच की शुरू

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फरार चालक की पहचान करने और उसे गिरफ्तार करने के लिए आसपास के क्षेत्रों में जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा आरोपित चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव बीड़ चहल और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर है। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं घायल मां और बच्चे के जल्द स्वस्थ होने की कामना की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *