लाखों का बिल भुगतान किए बिना मरीज हॉस्पिटल से फरार, मेरठ में कराई थी बेरियाट्रिक सर्जरी

गढ़ रोड स्थित न्यूटिमा हास्पिटल में गौतमबुद्ध नगर के युवक ने बेरियाट्रिक सर्जरी (वजन घटाने की सर्जरी) कराई। हास्पिटल ने बिल दिया तो युवक व उसके स्वजन चुपचाप गायब हो गए। हास्पिटल के प्रबंधक ने थाना मेडिकल पर आरोपितों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

न्यूटिमा हास्पिटल के प्रबंधक जागृति विहार निवासी विकास राघव ने बताया कि गौतमबुद्ध नगर के ग्राम भनौता दादारी निवासी इंद्रजीत अस्पताल में बेरियाट्रिक सर्जरी (Bariatric Surgery) के लिए 16 अप्रैल को भर्ती हुआ। उसका डा. ऋषि भाटिया ने 17 अप्रैल को आपरेशन किया। मरीज ने नीवा बूपा कंपनी का मेडिकल कार्ड जमा किया।

इंदजीत की सर्जरी का 2,50,768 रुपये बिल बना। बिल नीवा बूपा कंपनी को भेजा गया तो वहां से उसे रिजेक्ट कर दिया गया। इसकी जानकारी इंद्रजीत व उसके स्वजन को देकर भुगतान करने को कहा गया। कई दिन तक मरीज भुगतान की बात करते रहे। इसके बाद अचानक 4 मई को इंद्रजीत व उसके स्वजन अस्पताल से बिना बताए गायब हो गए।

विकास राघव का आरोप है कि उन्होंने इंद्रजीत व उसके स्वजन से कई बार बातचीत का प्रयास किया लेकिन भुगतान नहीं किया। प्रबंधक की तहरीर पर थाना मेडिकल ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गुम हुआ 5.40 लाख रुपये से भरा बैग बरामद

मेरठ: देहली गेट पुलिस ने गुम हुआ 5.40 लाख रुपये का बैग बरामद कर पीड़ित को सौंप दिया। पुलिस के अनुसार, गाजियाबाद के भाटिया मोड दौलतपुरा निवासी शिवम सोमवार को बैग में 5.40 लाख रुपये और जरूरी दस्तावेज लेकर स्कूटी से मवाना जा रहा था।

मछेरान तिराहे पर एक कार के अचानक ब्रेक लगाने से उसकी स्कूटी फिसल गई, जिससे बैग सड़क पर गिर गया। बेगमपुल पहुंचने पर शिवम को बैग गायब होने का पता चला। शिकायत पर थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से बैग बरामद कर शिवम को सौंप दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *