यस बैंक के पूर्व सीईओ राणा कपूर के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी का नया केस दर्ज

 मुंबई पुलिस ने यस बैंक के पूर्व प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी राणा कपूर और अन्य के खिलाफ एक हजार करोड़ की संपत्ति के कथित अवैध हस्तांतरण के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि बैंक ने 150 करोड़ रुपये के ऋण को गैर-निष्पादित परिसंपत्ति (एनपीए) के रूप में वर्गीकृत किए बिना एक परिसंपत्ति पुनर्निर्माण कंपनी को हस्तांतरित कर दिया।

अधिकारी ने बताया कि एचडीआइएल की सहयोगी कंपनी सफायर लैंड डेवलपमेंट से जुड़े लखमिंदर दयाल सिंह की शिकायत पर वर्ली पुलिस थाने में कपूर, सुधीर वालिया और अन्य बैंक अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।

क्या है मामला?

प्राथमिकी के अनुसार, एचडीआईएल समूह की एक अन्य कंपनी प्रिविलेज पावर एंड इंफ्रास्ट्रक्चर ने 2015 में यस बैंक की वर्ली शाखा से 300 करोड़ रुपये का ऋण लिया था। वित्तीय संकट के कारण सफायर लैंड डेवलपमेंट ने 150 करोड़ रुपये के ऋण की मांग की, जिसे बैंक ने 2016 में स्वीकृत किया था।

एचडीआईएल और समूह की अन्य कंपनियों की 1,000 करोड़ रुपये की संपत्ति को ऋण की सुरक्षा के लिए बैंक के पास गिरवी रखा गया था, जिसे 36 महीनों के भीतर चुकाया जाना था।

लेकिन जून 2018 में सिंह को जानकारी मिली कि यस बैंक ने सुरक्षा एसेट रिकंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड को उनकी कंपनी से 176.53 करोड़ रुपये वसूलने के लिए अधिकृत कर दिया था, जबकि भुगतान की अवधि अभी समाप्त नहीं हुई थी।सिंह ने आरोप लगाया कि 1,000 करोड़ रुपये मूल्य की गिरवी रखी संपत्ति को अवैध रूप से सुरक्षा एसेट रिकंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड को हस्तांतरित कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *