शहर में देर रात पीजी में रहने वाली दो युवतियों के कमरों में घुसकर छेड़छाड़ करने और चाकू दिखाकर डराने की दो वारदातें हुई। दोनों घटनाओं में आरोपित साइकिल पर फरार हो गया। पुलिस ने शिकायतों के आधार पर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पहली घटना सेक्टर-16 स्थित एक मकान की है। पुलिस को दी शिकायत में होशियारपुर निवासी 22 वर्षीय युवती ने बताया कि वह सेक्टर-16 में पीजी में रहती है। पीड़ित के अनुसार वह रात को अपने कमरे में सो रही थी। इसी दौरान सुबह करीब 2:30 से 3 बजे के बीच एक अज्ञात युवक कमरे में घुस आया और उसके साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश करने लगा।युवती ने विरोध किया तो आरोपित ने चाकू दिखाकर उसे डराने की कोशिश की। इस दौरान अंजली ने आरोपित के हाथ में पकड़ा चाकू पकड़ लिया और शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर आरोपित वहां से साइकिल पर फरार हो गया। इस दौरान हाथ में भी चाकू लग गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
दूसरी घटना सेक्टर-37 की है। यहां पीजी में रहने वाली 23 वर्षीय युवती ने पुलिस को बताया कि वह रात को अपने कमरे में सो रही थी। सुबह करीब 4 बजे एक अज्ञात युवक दरवाजा तोड़कर कमरे में घुस आया। शिकायत के अनुसार आरोपित ने युवती से छेड़छाड़ करने की कोशिश की।
विरोध करने पर उसने चाकू दिखाकर धमकाया। जब युवती ने शोर मचाया तो आरोपित ने उस पर हमला करने का प्रयास किया। युवती ने बताया कि आरोपित का चाकू उसके चेहरे को हल्का छूता हुआ निकल गया, जिससे वह बाल-बाल बच गई। इसके बाद आरोपित मौके से साइकिल पर फरार हो गया।
एक ही आरोपी होने की आशंका
दोनों घटनाओं का तरीका लगभग एक जैसा होने के कारण पुलिस को आशंका है कि दोनों वारदातों के पीछे एक ही आरोपी हो सकता है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपित की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। देर रात साइकिल पर घूमने वाले संदिग्ध युवकों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता
लगातार दो पीजी में घुसकर युवतियों से छेड़छाड़ और चाकू दिखाने की घटनाओं के बाद शहर में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। खासकर पीजी और किराये के मकानों में रहने वाली छात्राओं और कामकाजी युवतियों में डर का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपित की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


