पुंदाग ओपी क्षेत्र में एक सेवानिवृत्त शिक्षिका ने अपनी भांजी और उसके पति पर लाखों की संपत्ति हड़पने, बैंक खाते से लाखों रुपये निकालने, सोने के आभूषण रखने और मारपीट कर घर से निकालने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले को लेकर पीड़िता ने पुंदाग ओपी में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया है।
पीड़िता विनती त्रिवेदी ने बताया कि वह धनबाद के गोमो की रहने वाली है और वर्तमान में रांची के न्यू पुंदाग स्थित ऋषभ नगर में रहती थी। उन्होंने कहा कि वह गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं तथा नियमित डायलिसिस कराना पड़ता है।
इसी स्थिति का फायदा उठाकर उनकी भांजी गरिमा पांडेय और उसके पति ओम प्रकाश पांडेय ने उन्हें अपने साथ रहने के लिए बुलाया और देखभाल करने का भरोसा दिलाया।
62 लाख 35 हजार रुपये अपने खातों में ट्रांसफर किए
विनती त्रिवेदी के अनुसार वर्ष 2021 से वे दोनों के साथ रह रही थी। शुरुआत में उन्होंने उन पर पूरा भरोसा किया। बीमारी और चलने-फिरने में असमर्थता का लाभ उठाकर आरोपितों ने उनका एटीएम कार्ड, चेक और पिन अपने कब्जे में ले लिया।
इसके बाद उनके बैंक खाते से अलग-अलग समय पर करीब 62 लाख 35 हजार रुपये अपने खातों में ट्रांसफर कर लिए। पीड़िता का आरोप है कि उनके पैसों से आरोपितों ने करीब 30 लाख रुपये की एफडी अपने नाम से कराई।
इसके अलावा जमीन खरीदने के नाम पर करीब 17 लाख रुपये लिए गए और रजिस्ट्री के समय उन्हें यह कहकर दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराया गया कि जमीन उनके नाम पर खरीदी जा रही है, जबकि बाद में पता चला कि जमीन भांजी के नाम से रजिस्ट्री कराई गई।
धक्का देकर घर से निकाल दिया गया
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि इलाज के लिए कार खरीदने के नाम पर उनसे करीब 10 लाख रुपये लिए गए, लेकिन वाहन भी आरोपितों ने अपने नाम से खरीद लिया। इसके साथ ही उनके कई सोने के आभूषण भी अपने पास रख लिए गए, जिन्हें वापस नहीं किया जा रहा है।
पीड़िता ने बताया कि जब उन्होंने बैंक लेनदेन और संपत्ति को लेकर सवाल उठाया तो आरोपितों ने अपशब्द कहते हुए मारपीट की। 24 अप्रैल 2026 को उन्हें धक्का देकर घर से निकाल दिया गया। इसके बाद वह अपने अन्य रिश्तेदारों के यहां रहने को मजबूर हैं।
विनती त्रिवेदी ने पुलिस से आरोपितों के खिलाफ धोखाधड़ी, आर्थिक शोषण, संपत्ति हड़पने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।


