यूपी-बिहार में आंधी-बारिश और वज्रपात का कहर, 44 की मौत; दिल्ली-NCR में आज तूफान का अलर्ट

7.5kViews
1668 Shares

सोमवार को तेज आंधी, बारिश, ओलावृष्टि और वज्रपात ने भारी तबाही मचाई। इस कारण हुए हादसों में उत्तर प्रदेश में 24 और बिहार में 20 लोगों की मौत हो गई। बड़ी संख्या में लोग जख्मी हो गए।

सब्जियों की फसल को भारी नुकसान

मौसम के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया और फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचा। आंधी से बिजली के खंभे गिरने और तार टूटने से सैकड़ों गांवों की आपूर्ति ठप हो गई। इससे कई जगह सड़कें बाधित रहीं और आम, गेहूं व सब्जियों की फसल को भारी नुकसान पहुंचा।

लखनऊ समेत करीब 50 से अधिक जिलों में अलर्ट

उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच पिछले एक सप्ताह से रुक-रुककर वर्षा का दौर जारी है। सोमवार को लखनऊ समेत करीब 50 से अधिक जिलों में सुबह साढ़े आठ बजे के आसपास आसमान में काले बादल छा गए और सुबह साढ़े आठ बजे ही अंधेरा छा गया। गरज-चमक के साथ तेज हवा और बारिश होने लगी। इस दौरान सड़कों पर चलने वाले वाहनों को लाइट जलानी पड़ी।

मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार और बुधवार को प्रदेश के पूर्वी से लेकर पश्चिमी हिस्सों तक तेज आंधी, मध्यम से भारी बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। 60 जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। 40 से अधिक जिलों में वज्रपात की भी चेतावनी जारी की गई है।

बिहार में औरंगाबाद, गया, रोहतास, भोजपुर, वैशाली, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी व बगहा में भारी नुकसान हुआ है। औरंगाबाद जिले में वज्रपात से तीन लोगों की मौत हो गई और पांच ग्रामीण घायल हो गए।

पूर्वी चंपारण जिले में पांच की हुई

गया जिले में व्रजपात से शेरघाटी, टिकारी और कोंच थाना क्षेत्रों में पांच लोगों की मौत हो गई। सबसे अधिक मौत पूर्वी चंपारण जिले में पांच की हुई है। आम-लीची सहित अन्य फसलों को भारी नुकसान हुआ है।

कई जगह पोल, तार गिर गए हैं। इससे बिजली गुल है। वहीं, दिल्ली में आज मौसम बदलेगा, मौसम विभाग ने आज आंधी-तूफान के साथ तेज बारिश की चेतावनी दी है।

उप्र के दोनों उप मुख्यमंत्रियों को लेकर आ रहा विमान आंधी-पानी में फंसा, भोपाल भेजा गया

सोमवार सुबह मौसम खराब होने के कारण दिल्ली से लखनऊ आ रहे उप्र के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य का विमान फंस गया। विमान को भोपाल डायवर्ट किया गया। मौसम ठीक होने के बाद दोपहर 12:27 बजे विमान लखनऊ पहुंच सका।

इसके अलावा दो अन्य विमान भी हवा में चक्कर काटते रहे। वहीं, दिल्ली में खराब मौसम के कारण दृश्यता कम हो गई। इससे रविवार रात 11 से तड़के तीन बजे तक 15 विमानों को लखनऊ डायवर्ट किया गया। यह विमान एक के बाद एक चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उतरे। मौसम ठीक होने के बाद विमान दिल्ली रवाना हो गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *