दुधवा नेशनल पार्क में वन्यजीवों की चहलकदमी से सैलानी गदगद, बाघ को देख रोमांचित हुए टूरिस्ट

 दुधवा नेशनल पार्क में इन दिनों वन्यजीवों की सक्रियता सैलानियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। हरदोई जिले से आए पर्यटक सूरज पटेल का परिवार जब जंगल सफारी के लिए निकला तो उनके लिए यह सफर यादगार बन गया। पार्क की सोनारीपुर रेंज में जिप्सी से भ्रमण के दौरान सैलानियों को जंगल के दो सबसे खास जीवों बाघ और गैंडे के आमने सामने दीदार हुआ।

सुबह की पहली किरण के साथ जैसे ही सैलानियों की जिप्सी सोनारीपुर रेंज के घने जंगलों में पहुंची, वहां एक वाटर होल के पास एक बाघ आराम फरमाता नजर आया। भीषण गर्मी से निजात पाने के लिए बाघ पानी के किनारे बेहद शांत मुद्रा में बैठा था।

अद्भुत नजारे को कैमरे में किया कैद

गाइड ने जैसे ही बाघ की मौजूदगी की ओर इशारा किया कुछ देर के लिए तो सैलानी एकदम खामोश हो गए और इस अद्भुत नजारे को अपने कैमरे में कैद कर लिया। इसके बाद पर्यटकों ने बिना देर किए अपने मोबाइल और कैमरों से बाघ की अठखेलियों और आराम फरमाते हुए पलों को कैद करना शुरू कर दिया। अभी बाघ को देखने का रोमांच कम भी नहीं हुआ था कि जिप्सी के थोड़ा आगे बढ़ते ही सड़क किनारे जंगल में एक विशालकाय गैंडा घूमता हुआ दिखाई दिया।

एक ही सफारी में बाघ और गैंडे दोनों के दर्शन होने से सैलानियों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। सैलानियों ने वहां भी रुककर काफी देर तक गैंडे की तस्वीरें खींची और वीडियो बनाए। जंगल सफारी का भरपूर लुत्फ उठाने के बाद पर्यटकों ने बताया कि दुधवा की गोद में वन्यजीवों को इतने करीब से देखना उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *