ऊना के सरकारी स्कूल की सेजल मेरिट में, CA बनना है होनहार बेटी का सपना; बताया सफलता का मंत्र

1344 Shares

हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने सोमवार को 12वीं कक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक कन्या विद्यालय ऊना की कॉमर्स संकाय की होनहार छात्रा सेजल कटारिया ने मेरिट सूची में आठवें स्थान पर बाजी मारी है। ऊना के विवेक नगर की रहने वाली सेजल कटारिया ने 500 में से 483 (96.6 प्रतिशत) अंक लेकर इस मुकाम को हासिल किया है।

सेजल बीकॉम आनर्स की पढ़ाई करेंगी, इसके बाद सीए बनेंगी। सेजल के पिता अजय कटारिया शारीरिक शिक्षक हैं और माता सरिता गृहणी हैं।

सेजल ने बताया सफलता का मंत्र

सेजल ने अपनी सफलता का श्रेय गुरुजनों व माता-पिता को दिया है। सेजल बताती हैं कि उन्होंने इस मेरिट सूची में अव्वल रहने के लिए रोजाना करीब चार से पांच घंटे तक पढ़ाई की है। उन्होंने अन्य विद्यार्थियों को संदेश दिया है कि एकाग्र होकर अगर पढ़ाई की जाए तो ऐसी सफलता हासिल करना कोई बड़ी बात नहीं है।

स्कूल में जश्न, सेजल का भव्य स्वागत

परीक्षा परिणाम के बाद सेजल कटारिया का स्कूल पहुंचने पर प्रिंसिपल सुरेश शर्मा व कॉमर्स संकाय के शिक्षकों ने स्वागत किया और मिठाई खिलाकर सेजल का मुंह मीठा किया। इस मौके पर कॉमर्स संकाय से अमरदीप सिंह, किरण सोनी, विनय कुमार, सविता शर्मा, डीपीई विनोद शर्मा  व सेजल की माता सरिता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *