पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में बाबरी मस्जिद (Babri Masjid) निर्माण को लेकर सुर्खियों में आए हुमायूं कबीर नाओदा सीट पर बढ़त बनाए हुए है। उन्हें अब तक कुल 6405 वोट मिले हैं और वह 2890 वोटों से आगे चल रहे हैं।
मालूम हो कि, वह अपनी अलग पार्टी बनाकर किस्मत आजमा रहे हैं। उन्होंने टीएमसी से अलग होने के बाद आम जनता उन्नयन पार्टी (AUJP) पार्टी बनाई थी। इसके बाद वह रेजिनगर विधानसभा सीट (Rejinagar) और नाओदा सीट(Nowda) से चुनाव लड़ रहे हैं।
हुमायूं कबीर की पार्टी से 22 प्रत्याशी मैदान में
हुमायूं कबीर की पार्टी AUJP ने कुल 22 सीटों से प्रत्याशियों को मैदान में उतारा है। इसमें हुमायूं कबीर ने कम से कम 5 से 8 सीटें मिलने की उम्मीद जताई है। इसमें नाओदा सीट से चार चर्चित चेहरों में साहिना मोमताज खान (TMC), राणा मंडर (BJP), मातिउर रहमान (INC) और हुमायूं कबीर (AJUN) का नाम शामिल है।
दो चरणों में हुए थे पश्चिम बंगाल में चुनाव
बता दें कि, पश्चिम बंगाल में सोमवार को विधानसभा की 294 सीटों में से 293 के नतीजे घोषित किए जाएंगे। वहीं, बहुमत का आंकड़ा 148 है। राज्य में दो चरणों में हुआ मतदान 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को संपन्न हुआ।
पहले चरण में विधानसभा की 152 सीटों पर वोट डाले गए, जिसमें 93.19 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मत का इस्तेमाल किया। दूसरे चरण में 142 सीटों पर 92.90 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।


