बदरीनाथ में सफाई और आय का संगम, आठ टन कचरे से कमाए 84 हजार रुपये

9.8kViews
1289 Shares

 बदरीनाथ धाम में प्लास्टिक कचरे के निस्तारण को आय के साधन में बदलते हुए नगर पंचायत ने सराहनीय पहल की है।

बीते वर्ष जहां करीब 230 टन कचरे का निस्तारण किया गया था, वहीं इस वर्ष चारधाम यात्रा शुरू होने के मात्र एक सप्ताह में ही आठ टन अजैविक कचरे का निस्तारण किया गया। साथ ही इस कचरे से 84 हजार रुपये से अधिक की आय भी अर्जित की है।

कूड़ा प्रबंधन की समुचित व्यवस्था

धाम की स्वच्छता का जिम्मा नगर पंचायत बदरीनाथ के पास है, जो पैदल मार्गों, सड़कों और शौचालयों की साफ-सफाई के साथ कूड़ा प्रबंधन की समुचित व्यवस्था भी देखती है। नगर पंचायत द्वारा जैविक और अजैविक कचरे को अलग-अलग कर वैज्ञानिक तरीके से निस्तारित किया जा रहा है।

पर्यावरण मित्रों के सहयोग से जहां जैविक कचरे से खाद तैयार की जा रही है, वहीं प्लास्टिक कचरे को ब्लाक में परिवर्तित कर उसका विपणन किया जा रहा है। इस पहल से न केवल स्वच्छता को बढ़ावा मिल रहा है, बल्कि नगर पंचायत को अतिरिक्त आय भी प्राप्त हो रही है।

नगर पंचायत द्वारा अर्जित आय का उपयोग संसाधनों के विकास और अन्य आवश्यक कार्यों में किया जा रहा है। बदरीनाथ का यह माडल अब जनपद की अन्य नगर पालिकाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बनता जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *