CO आवास में घुस रहा था, पत्नी की पड़ गई नजर, बोलीं- खबरदार…, फिर तो सहरसा में दो घंटे में हो गई बड़ी कार्रवाई

1300 Shares

 सहरसा के सिमरीबख्तियारपुर में अंचलाधिकारी के सरकारी आवास में चोरी के प्रयास का मामला सामने आया है। बख्तियारपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज दो घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

सिमरीबख्तियारपुर के अंचलाधिकारी (सीओ) के सरकारी आवास में चोरी के प्रयास के मामले में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है।

थानाध्यक्ष अमरनाथ कुमार ने बताया कि गुरुवार को एक युवक सीओ शुभम वर्मा के सरकारी आवास में घुस गया। वह वहां लगी पानी की मोटर खोलने का प्रयास कर रहा था।

इसी दौरान सीओ की पत्नी की नजर युवक पर पड़ गई। उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

आवेदन के बाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई

घटना की पूरी तस्वीर आवास परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इसके आधार पर सीओ शुभम वर्मा ने बख्तियारपुर थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई। एफआईआर दर्ज होते ही पुलिस हरकत में आई और छापेमारी शुरू कर दी। तकनीकी साक्ष्य और स्थानीय सूचना के आधार पर पुलिस ने तेजी से कार्रवाई की।

माखन टोला का रहने वाला है आरोपी

पुलिस ने महज दो घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार युवक की पहचान माखन टोला निवासी राजकिशोर पासवान के पुत्र रोमित कुमार उर्फ हड्डी के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। पुलिस ने उसके पास से चोरी की गई एक मोटर भी बरामद की है।

न्यायालय में पेश, क्षेत्र में बढ़ा सुरक्षा का भरोसा

थानाध्यक्ष ने बताया कि शुक्रवार को आरोपी को सहरसा न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से जहां चोरों के बीच हड़कंप मच गया है, वहीं आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा भी बढ़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *