दिल्ली में शोशा क्लब के बाहर फायरिंग, 21 साल के युवक के पैर में लगी गोली; पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज

7.3kViews
1301 Shares

 प्रीत विहार थाना क्षेत्र स्थित शोशा क्लब के बाहर शनिवार तड़के फायरिंग की घटना सामने आई, जिसमें 21 वर्षीय युवक समीर घायल हो गया। उसे गुरु तेग बहादुर (GTB) अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 4:33 बजे पीसीआर कॉल के जरिए सूचना मिली कि एक युवक को गोली लगी है और उसे जीटीबी अस्पताल लाया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और घायल समीर से जानकारी ली। समीर नूर-ए-इलाही, घोंडा का रहने वाला है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि समीर अपने दोस्त नदीम और अन्य साथियों के साथ प्रीत विहार स्थित शोशा क्लब गया था। कुछ देर बाद उनके अन्य दोस्त भी वहां पहुंच गए। इसी दौरान क्लब के अंदर अरहम नामक युवक का किसी तीसरे पक्ष से विवाद हो गया, जो बाद में झगड़े में बदल गया।

पुलिस के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष क्लब से बाहर सर्विस रोड की तरफ आ गए। इसी दौरान बाहर एक अज्ञात व्यक्ति ने फायरिंग कर दी, जिसकी गोली समीर के दाहिने पैर (घुटने के नीचे) में जा लगी। घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए। झगड़े के दौरान समीर भी बाहर आ गया था और गोली उसे लग गई।

घायल समीर को उसके दोस्तों ने तुरंत जीटीबी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। समीर ने पुलिस को बताया कि वह हमलावर को नहीं पहचानता है। सूचना पर पहुंची क्राइम टीम ने मौके का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपितों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *