बस्ती में गैस संकट से नाराज उपभोक्ताओं ने बस्ती-डुमरियागंज मार्ग किया जाम, दो घंटे बाधित रहा यातायात

रसोई गैस की किल्लत अब गंभीर रूप लेती जा रही है। लगातार एजेंसी और गोदाम के चक्कर लगाने के बावजूद गैस सिलेंडर न मिलने से नाराज़ उपभोक्ताओं का गुस्सा शुक्रवार को फूट पड़ा।

भानपुर स्थित वासुदेव भारत गैस एजेंसी पर सिलेंडर की आपूर्ति न होने से आक्रोशित लोगों ने सुबह करीब 9 बजे बस्ती-डुमरियागंज मार्ग जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर बैठकर नारेबाजी की, जिससे करीब दो घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा और सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

प्रदर्शन कर रहे उपभोक्ताओं का आरोप था कि गैस बुक कराने के बावजूद समय पर सिलेंडर नहीं दिया जा रहा है। कई लोगों के घरों में मांगलिक कार्यक्रम होने के कारण स्थिति और भी गंभीर हो गई है। तेज धूप में कई दिनों तक एजेंसी के चक्कर लगाने के बाद भी समस्या का समाधान न होने से लोगों का आक्रोश बढ़ता गया।

सूचना मिलते ही सोनहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। स्थानीय लोगों व उपभोक्ताओ के अनुसार पुलिस ने बल प्रयोग कर प्रदर्शनकारियों को हटाया, जिसके बाद जाम समाप्त हुआ और यातायात बहाल किया गया।

एजेंसी पर गैस उपलब्ध न होने के कारण उपभोक्ताओं को राहत नहीं मिल सकी। एजेंसी की ओर से बताया गया कि जिन उपभोक्ताओं की बुकिंग हो चुकी है, उन्हें अगले दिन से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *