यूपी में फिर चढ़ेगा तापमान या मिलेगी राहत? अगले दो दिन के मौसम पर IMD का ताजा अपडेट

4.4kViews
1196 Shares

 पूरब से लेकर पश्चिम तक गुरुवार देर शाम अचानक मौसम बदला, जिससे राजधानी समेत करीब 40 जिलों में आंधी-बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। तेज हवा चलने और हल्की बरसात से न्यूनतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई।

अधिकतम तापमान में 10 से 12 डिग्री सेल्सियस तक कमी हुई। शनिवार से तापमान में फिर बढ़ोतरी शुरू होगी और इसका असर सोमवार तक रहेगा, लेकिन चार मई से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से दोबारा हल्की बारिश के आसार हैं। पांच मई को भी तेज हवा के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि शनिवार से सोमवार तक अधिकतम तापमान 35 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का पूर्वानुमान है।

इससे पहले गुरुवार को आंधी-बारिश के असर से अयोध्या, वाराणसी, कानपुर, बलिया और गाजीपुर समेत कई जिलों में दिन का तापमान घटकर 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास आ गया। लखनऊ का अधिकतम तापमान 31.3 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।

हालांकि, इसके विपरीत उरई 43.6 डिग्री के साथ प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा। अयोध्या में 19.5 डिग्री के साथ सबसे ठंडी रात रही। अमेठी में तापमान सामान्य से करीब 9.9 डिग्री नीचे पहुंच गया।

बाराबंकी और गाजियाबाद में कई जगह ओले भी गिरे। शुक्रवार को देर रात तक पूर्वी से पश्चिमी यूपी के 35 से अधिक जिलों में तेज हवा के साथ बारिश की संभावना है। कई जिलों में ओलावृष्टि की भी चेतावनी है।

कल से फिर चढ़ेगा पारा

वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार शुक्रवार रात के बाद से बारिश का दायरा दो दिन के लिए सिमटेगा। पूर्वी व तराई क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी संभव है। शनिवार से तापमान में फिर बढ़ोतरी होगी और कई जिलों में यह 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *