होशियारपुर में दर्दनाक हादसे का Video वायरल, स्कूल बस से उतर सड़क पार कर रहे बच्चे को बाइक ने मारी टक्कर

पंजाब के होशियारपुर में ऊना रोड स्थित किक्कर बस्सी इलाके से एक दर्दनाक सड़क हादसे का वीडियो सामने आया है, जिसने सभी को झकझोर कर रख दिया है। वायरल हो रहे इस वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि एक स्कूली बच्चा सड़क पार करते समय तेज रफ्तार मोटरसाइकिल की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना बुधवार दोपहर के समय की बताई जा रही है, जब स्कूल बस बच्चे को उसके घर के पास उतारकर आगे बढ़ गई थी। वीडियो में देखा जा सकता है कि बच्चा बस से उतरने के बाद सड़क पार करने लगता है। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रही एक मोटरसाइकिल अचानक उसे टक्कर मार देती है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बच्चा सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गया।

बच्चे को आईं गंभीर चोटें

हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने मौके पर पहुंचकर बच्चे को संभाला और उसे तुरंत पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार बच्चे को कई जगह चोटें आई हैं और उसकी हालत पर नजर रखी जा रही है।

इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में चिंता और आक्रोश का माहौल है। लोगों का कहना है कि स्कूलों के आसपास और बच्चों के उतरने वाले स्थानों पर यातायात नियमों का सख्ती से पालन नहीं किया जा रहा, जिससे इस तरह के हादसे हो रहे हैं।

कनाडा से नियम सीखने का अनुरोध

एक्सपर्ट्स का मानना है कि स्कूल बसों के आसपास वाहनों की गति सीमित करने और जागरूकता बढ़ाने की जरूरत है। कुछ ने तो ये तक कहा कि हमें कनाडा से नियम सीखने की जरूरत है। जिसमें अभिभावकों और चालकों को भी अधिक सतर्क रहने की आवश्यकता है, ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

यह घटना एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करती है कि सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन कितना जरूरी है, खासकर उन स्थानों पर जहां बच्चों की आवाजाही अधिक होती है। प्रशासन से भी मांग की जा रही है कि ऐसे स्थानों पर विशेष प्रबंध किए जाएं, जिससे भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *