घर आए बहनोई ने साले को पीटकर मुंह से उसके हाथ का अंगूठा काट बुरी तरह जख्मी कर दिया। इतना ही नहीं जान से मारने की धमकी देकर आरोपित बाहर से दरवाजे बंद कर चला गया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर बहनोई के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है।
इंदिरा नगर मुहल्ला निवासी श्यामू सिंह बुधवार सुबह करीब 8.30 बजे अपने घर पर था। तभी उसका बहनोई अनुनय सिंह परमार निवासी किरन कालेज चौराहा वहां पहुंचा। पीड़ित श्यामू ने बताया कि बहनोई ने आते ही उसे गाली-गलौज और मारपीट करना शुरू कर दिया। उसने अपना बचाव करने का प्रयास किया तो बहनोई ने उसके दाहिने अंगूठे में काट लिया, जिससे अंगूठे में गंभीर चोट आ गई। बाद में आरोपित बहनोई उसे जान से मारने की धमकी देते हुए चला गया। उसे अपने बहनोई से खतरा है। कोतवाली नगर में पीड़ित ने तहरीर देते हुए आरोपित के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
कोतवाली नगर प्रभारी बलराम सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपित के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर पीड़ित का डाक्टरी परीक्षण कराया गया है। मामले की जांच कर आरोपित के विरुद्ध आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पीटकर जान से मारने की दी धमकी
बांदा : ग्योड़ी बाबा गांव निवासी विनोद निषाद को बुधवार शाम छह बजे पहड़िया गांव के राजेश निषाद ने मटौंध थाना के भूरागढ गांव में गाली देने लगा। मना करने पर विनोद को पीटकर उसने जख्मी कर दिया। आरोपित ने पीड़ित को जान से मारने की धमकी दी। मटौंध थाना प्रभारी दीपेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपित के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है।


