पीएम मोदी की रैली से पहले बंगाल के जगद्दल में भारी हिंसा, फेंके गए देसी बम; CISF का जवान घायल

बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के जगतदल में प्रधानमंत्री की सभा तथा दूसरे चरण के मतदान से पहले रविवार रात हालात बेहद तनावपूर्ण हो गए। पूर्व सांसद तथा भाजपा नेता अर्जुन सिंह के बेटे और भाटपाड़ा से भाजपा प्रत्याशी पवन सिंह के घर के बाहर देर रात गोलीबारी और बमबाजी की घटना सामने आई। इस दौरान केंद्रीय बल के एक जवान के घायल होने की खबर है।

घायल जवान की पहचान सीआईएसएफ के जवान योगेश शर्मा के रूप में हुई है, जो पवन सिंह की सुरक्षा में तैनात थे। गोली उनके पैर में लगी और उन्हें तुरंत स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गोली किसने चलाई। इस घटना में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है तथा आयोग ने रिपोर्ट मांगी है।

घटना की शुरुआत रविवार शाम को हुई। आरोप है कि तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता बिट्टू महतो पार्टी का झंडा और बैनर लगा रहे थे, तभी भाजपा समर्थकों ने उनके साथ मारपीट की। इसके बाद घायल कार्यकर्ता तृणमूल नेताओं के साथ जगतदल थाने शिकायत दर्ज कराने पहुंचे। इसी दौरान खबर मिलते ही अर्जुन सिंह अपने समर्थकों के साथ थाने पहुंच गए। वहां दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो जल्द ही धक्का-मुक्की और मारपीट में बदल गई।

रात बढ़ने के साथ हालात और बिगड़ते गए और थाने के बाहर पथराव शुरू हो गया। तृणमूल के उम्मीदवार ने आरोप लगाया कि हमारे कार्यकर्ता के साथ मारपीट हुई और जब हम शिकायत करने थाने गए तो अर्जुन सिंह ने दबंगई दिखाते हुए हमला करवाया। हालांकि भाजपा ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया और दावा किया कि उनके कार्यकर्ता ही हमले का शिकार हुए हैं। कुछ समय बाद थाने के पास स्थिति शांत हुई, लेकिन तनाव की चिंगारी पवन सिंह के घर तक पहुंच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वहां बम फेंके गए और कम से कम एक राउंड फायरिंग हुई। स्थिति संभालने पहुंचे सुरक्षाकर्मी योगेश शर्मा गोली लगने से घायल हो गए। भाजपा का आरोप है कि तृणमूल कांग्रेस के समर्थकों की गोलीबारी में केंद्रीय जवान घायल हुए हैं, जबकि तृणमूल कांग्रेस ने इसे भाजपा की साजिश करार दिया है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए चुनाव आयोग ने भी इस पूरे मामले की रिपोर्ट तलब की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *