बिहार में बहुमंजिला इमारतों की सुरक्षा होगी मजबूत, ₹18 करोड़ के हाईटेक एरियल लैडर खरीदेगी सरकार

7.4kViews
1826 Shares

 बिहार में बहुमंजिला इमारतों की सुरक्षा के लिए सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। राज्य की सभी पंचायतों में पंचायत सरकार भवनों का निर्माण चल रह है। साथ अमूमन सभी जिलों में बहुमंजिला इमारतें भी हैं।

अकेले पटना शहर में बापू टावर, बिहार म्यूजियम, सचिवालय के साथ कई ऐतिहासिक महत्व की इमारतें भी हैं। अब इन इमारतों को अग्नि सुरक्षा और बचाव व्यवस्था का मजबूत करने के लिए सरकार ने हाईटेक एरियल लैडर खरीद का प्रस्ताव स्वीकृत किया है।

सरकार ने नए सिरे से 62 मीटर ऊंचाई वाले अत्याधुनिक हाइड्रोलिक प्लेटफार्म-सह-टर्न टेबल एरियल लैडर खरीदने के लिए 18 करोड़ रुपये स्वीकृत कर दिए हैं। हाईटेक एरियल लैडर आ जाने से बहुमंजिला इमारतों को आग से सुरक्षा प्रदान करने में सहूलियत हो जाएगी।

आग पर काबू पाने में मिलेगी मदद

सरकार के निर्णय के अनुसार फिलहाल यह मशीन पटना में रहेगी। जिसका इस्तेमाल शुरुआत में पटना और इसके आसपास के क्षेत्रों में होगा। इसके प्रदर्शन के आधार पर इसी प्रकार के अन्य लैडर अन्य जिलों के लिए भी खरीदे जा सकते हैं।

विभाग से मिली जानकारी के अनुसार पूर्व में सरकार ने करीब 13 करोड़ लागत वाले लैडर खरीद का निर्णय लिया था। जिसमें संशोधन करते हुए 62 मीटर ऊंचाई तक काम करने वाले लैडर की खरीद का प्रस्ताव स्वीकृत किया है।

राशि में भी वृद्धि कर दी गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह उपकरण ऊंची इमारतों में फंसे लोगों तक पहुंचने और आग पर काबू पाने में काफी कारगर साबित होगा। इससे न केवल राहत एवं बचाव कार्यों की गति बढ़ेगी, बल्कि जनहानि को भी न्यूनतम किया जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *