ट्रक के चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मृत्यु हो गई। पुलिस शव को कब्जे में लेकर जांच में जुटी है। दुर्घटना के बाद स्वजन का रो- रोकर बुरा हाल है। भिटौली थाना क्षेत्र के अगया गांव निवासी धर्मवीर प्रसाद (35 वर्ष) सोमवार की सुबह 5:16 बजे प्रतिदिन की तरह परतावल स्थित राज गैस एजेंसी पर काम करने जा रहे थे।
भिटौली स्थित जनता फ्यूल पेट्रोल पंप के पास एक ट्रक ने धर्मवीर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि धर्मवीर प्रसाद की मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धर्मवीर पेट्रोल पंप के पास सड़क के पूर्वी पटरी के किनारे कुछ सामान लेने के लिए रुके थे और सामान लेकर सड़क पार कर बाइक के पास जा रहे थे कि यह दुघर्टना हो गई। सूचना पर पहुंची भिटौली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच में जुटी है।
बताया जा रहा है कि मृत युवक अपने परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य था। उनके परिवार में पत्नी प्रमिला (30 वर्ष) और एक 14 वर्षीय पुत्र है। घटना के बाद स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर है।


