सिंगरौली/विंध्यनगर। 14 अप्रैल से 20 अप्रैल तक मनाए गए अग्निशमन सेवा सप्ताह का समापन समारोह बड़े ही उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर देशभर में उन वीर अग्निशमन कर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई, जो अपनी जान की परवाह किए बिना आमजन की सुरक्षा में हमेशा तत्पर रहते हैं।
अग्निशमन सेवा सप्ताह के दौरान आम नागरिकों में आग से बचाव और आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में अग्नि सुरक्षा से जुड़े लाइव डेमो, जन-जागरूकता अभियान तथा प्रशिक्षण सत्र प्रमुख रहे। स्कूलों, कार्यालयों और विभिन्न संस्थानों में आयोजित इन सत्रों के माध्यम से लोगों को आग लगने की स्थिति में बचाव के उपाय, अग्निशमन यंत्रों के सही उपयोग, सुरक्षित निकासी (Evacuation) प्रक्रिया और आपातकालीन सेवाओं से संपर्क करने की विस्तृत जानकारी दी गई।
पूरे सप्ताह के दौरान विभिन्न स्थानों पर “फर्स्ट एड फायर फाइटिंग” क्लास एवं डेमोन्स्ट्रेशन आयोजित किए गए, जिससे लोगों को व्यावहारिक रूप से आग से निपटने के तरीके सिखाए गए। इसके साथ ही क्विज, निबंध और ड्राइंग प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिसमें स्कूल के बच्चों, एनटीपीसी के कर्मचारियों, श्रमिकों एवं सीआईएसएफ परिवार के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
समापन समारोह में एनटीपीसी विंध्यनगर के एच.ओ.पी श्री संजीब कुमार साहा, सीआईएसएफ इकाई के वरिष्ठ कमांडेंट श्री मनीष कुमार राय, एजीएम सेफ्टी श्री ए. के. अग्रवाल एवं डीसी/फायर श्री सदा राम यादव विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने अग्नि सुरक्षा को जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए सभी से अपील की कि वे सुरक्षा नियमों का पालन करें और आपात स्थिति में सतर्कता व समझदारी से कार्य करें।
अग्निशमन सेवा सप्ताह का यह आयोजन न केवल वीर अग्निशमन कर्मियों के प्रति सम्मान व्यक्त करने का माध्यम बना, बल्कि समाज में सुरक्षा और जागरूकता का एक मजबूत संदेश भी छोड़ गया।


