एनसीएल सिंगरौली (जयंत) में अग्निशमन सेवा सप्ताह का समापन, सीआईएसएफ ने दिया सुरक्षा का सशक्त संदेश

सिंगरौली। सीआईएसएफ अग्निशमन शाखा द्वारा एनसीएल सिंगरौली (जयंत) इकाई में दिनांक 20 अप्रैल 2026 को अग्निशमन सेवा सप्ताह के समापन अवसर पर एक जागरूकता एवं सुरक्षा आधारित भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और आपात स्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान करना रहा।

इस अवसर पर अग्निशमन केंद्र के प्रशिक्षित कर्मियों ने आधुनिक तकनीकों के माध्यम से आग बुझाने का प्रभावशाली डेमो प्रस्तुत किया। इस दौरान सुरक्षा उपायों एवं उपकरणों के प्रयोग का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया, जिसे उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने काफी सराहा। डेमो की तैयारी इंस्पेक्टर (फायर) श्री राम बाबू एवं असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (फायर) श्री गौतम गांगुली के नेतृत्व में उनकी टीम द्वारा कुशलतापूर्वक की गई।

कार्यक्रम का संचालन इंस्पेक्टर (फायर) श्री सी. के. मिश्रा ने सहायक कमांडेंट (अग्नि) श्री रूपेन्द्र सिंह सिरोही के मार्गदर्शन में किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, क्षेत्रीय महाप्रबंधक जयंत श्री डी. के. सिंह ने अपने संबोधन में अग्निशमन दल की सराहना करते हुए कहा कि अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता और नियमित प्रशिक्षण समय की आवश्यकता है। उन्होंने वर्ष 1944 में मुंबई के विक्टोरिया बंदरगाह में हुए भीषण अग्निकांड का उल्लेख करते हुए 66 अग्निशमन कर्मियों के बलिदान को याद किया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

इकाई प्रभारी एवं वरिष्ठ कमांडेंट श्री खिल्लारे एस.पी. के कुशल नेतृत्व में पूरे कार्यक्रम का सफल संचालन हुआ। उन्होंने कहा कि अग्निशमन सेवा सप्ताह केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने बताया कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से कर्मियों की तत्परता, दक्षता और आपसी समन्वय में निरंतर सुधार होता है।

कार्यक्रम के अंत में सहायक कमांडेंट श्री रूपेन्द्र सिंह सिरोही ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और अग्निशमन दल के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सीआईएसएफ अग्निशमन शाखा सुरक्षा एवं सेवा के प्रति सदैव प्रतिबद्ध है और ऐसे आयोजनों के माध्यम से समाज में जागरूकता फैलाने का कार्य लगातार किया जा रहा है।

अग्निशमन सेवा सप्ताह के दौरान विभिन्न स्कूलों एवं एनसीएल के विभागों में जागरूकता कार्यक्रम और प्रशिक्षण सत्र भी आयोजित किए गए। साथ ही स्कूली बच्चों के लिए निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया।

इस अवसर पर जयंत परियोजना के महाप्रबंधक (ई एंड एम) श्री कुमरेन्द्र कुमार झा सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त सीआईएसएफ इकाई सिंगरौली के उप कमांडेंट श्री सुशांत गायकवाड़, सहायक कमांडेंट श्री देवेंद्र सिंह एवं अन्य अधिकारी और जवान भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

यह कार्यक्रम न केवल सुरक्षा जागरूकता का संदेश देने में सफल रहा, बल्कि आपदा प्रबंधन के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी को भी सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण साबित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *