शिक्षक आत्महत्या मामले में लिपिक संजीव सिंह की अग्रिम जमानत खारिज, रिश्वत मांगने का लगा था आरोप

 शिक्षक कृष्ण मोहन सिंह की आत्महत्या के मामले में देवरिया बीएसए कार्यालय के तत्कालीन लिपिक संजीव कुमार सिंह की अग्रिम जमानत अर्जी को प्रभारी विशेष न्यायाधीश (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम) सिद्धार्थ सिंह ने खारिज कर दिया है। कोर्ट ने अपराध की गंभीरता को देखते हुए कहा कि 16 लाख रुपये की रिश्वत मांगना और प्रताड़ना देना गंभीर अपराध है।

उल्लेखनीय है कि हाईकोर्ट के आदेश के बाद भी वेतन बहाली न होने और लगातार प्रताड़ना से आहत होकर शिक्षक कृष्ण मोहन सिंह ने 21 फरवरी को सुसाइड नोट लिखने के बाद फंदे पर लटककर जान दे दी थी।

अभियोजन पक्ष की ओर से विशेष लोक अभियोजक घनश्याम त्रिपाठी ने कोर्ट को बताया कि वादिनी गुड़िया सिंह के पति कृष्ण मोहन सिंह की नियुक्ति एक जुलाई 2016 को कृषक लघु माध्यमिक विद्यालय मदरसन, देवरिया में सहायक अध्यापक के पद पर बेसिक शिक्षाधिकारी देवरिया की संस्तुति पर हुई थी।

वर्ष 2023 में गलत तरीके से उनकी और दो अन्य लोगों की नियुक्ति निरस्त कर दी गई। इसके विरुद्ध कृष्ण मोहन ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका दायर की। 13 फरवरी 2025 को हाईकोर्ट ने निरस्तीकरण के आदेश को निरस्त करते हुए नया आदेश पारित करने का निर्देश दिया।

हाईकोर्ट के आदेश की प्रति बीएसए देवरिया को भेज दी गई, लेकिन इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। अभियोजन के अनुसार, आरोपी लिपिक संजीव कुमार सिंह ने कृष्ण मोहन सिंह और दो अन्य शिक्षकों से नियुक्ति बहाली के नाम पर 16-16 लाख रुपये की रिश्वत मांगी।

पीड़ितों ने उन्हें अलग-अलग किश्तों में सात लाख, नौ लाख और 16 लाख रुपये का भुगतान किया। इसके बाद भी आरोपित ने और रुपये की डिमांड करना शुरू कर दिया। जब शिक्षकों ने असमर्थता जताई तो आरोपित ने उन पर दबाव बनाना शुरू कर दिया। 20 फरवरी 2025 को कृष्ण मोहन सिंह को बीएसए कार्यालय बुलाया गया और वहां उन्हें काफी जलील व प्रताड़ित किया गया।

इसी बात से तंग आकर उन्होंने 21 फरवरी की सुबह अपने घर के नीचे वाले कमरे में जाकर पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। पत्नी गुड़िया सिंह की तहरीर पर गुलरिहा थाने में तत्कालीन बीएसए शालिनी श्रीवास्तव,आरोपी लिपिक व उसके सहयोगियों पर मुकदमा दर्ज किया गया था।

कोर्ट ने अपराध की गंभीरता को देखते हुए आरोपित की अग्रिम जमानत अर्जी खारिज कर दी। देवरिया के रामनाथ देवरिया कालोनी में रहने वाला संजीव कुमार सिंह मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही फरार है। एसएसपी डा. कौस्तुभ ने बलिया जिले की रहने वाली फरार चल रही निलंबित बीएसए शालिनी के साथ ही लिपिक संजीव सिंह पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *