नेपाल सीमा से लगे एसएसबी कैंप के पास जंगल में लगी भीषण आग, जवानों ने संभाला मोर्चा

1084 Shares

 नेपाल सीमा से लगे भारत के झूलाघाट कस्बे में स्थित सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) कैंप के निकट जंगल में अचानक भीषण आग लग गई।

आग एसएसबी कैंप से महज पचास मीटर दूर तक आ पहुंची। इसके बाद जवानों को खुद ही मोर्चा संभाल पड़ा। एसएसबी के जवान व वन विभाग की संयुक्त टीम आग पर काबू पाने के प्रयास में जुट गई है।

जवानों ने मोर्चा संभाला

बुधवार को झूलाघाट स्थित सलानी के साल के जंगल में दोपहर बाद अचानक भीषण आग भड़क गई। नमी कम होने के कारण आग तेजी से आबादी की ओर फैलने लगी और सशस्त्र सीमा बल की ए कंपनी से मात्र पचास मीटर दूरी तक आ पहुंची। इससे वहां हड़कंप मच गया। इसके बाद कंपनी में तैनात जवानों ने मोर्चा संभाला और आग बुझाने में जुट गए।

सूचना पर वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंचकर आग पर काबू करने में जुट गई। एसएसबी व वन विभाग की संयुक्त टीम कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाने का प्रयास कर रही है। तेज हवा और सूखी पत्तियों के कारण आग तेजी से फैल रही है, जिससे आग पर काबू पाने में दिक्कत आ रही है।

घाटी वाला क्षेत्र होने से क्षेत्र में तापमान भी बढ़ चुका है। आग से वातावरण में धुंध छाई हुई है। इससे श्वांस रोगियों की परेशानी भी बढ़ चुकी है। ग्रामीणों में जंगल से सटे क्षेत्रों तक आग पहुंचने का डर बना हुआ है। वन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

आग बुझाने के लिए पहुंची वन विभाग की टीम में वन दरोगा कैलाश चंद्र ग्वासिकोटी, फायर वाचक होशियार राम सहित अन्य कर्मी शामिल थे। खबर लिखे जाने तक आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *