अल्मोड़ा के लोधिया जंगल में लगी आग, दमकल ने तुरंत पाया काबू

 नगर के लोधिया क्षेत्र स्थित करबला मस्जिद के पास जंगल में बुधवार देर शाम अचानक आग लगने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए टीम को मौके के लिए रवाना किया।

अग्निशमन विभाग की टीम प्रभारी फायर स्टेशन अधिकारी के निर्देशन में घटनास्थल पर पहुंची। आग जंगल के एक हिस्से में तेजी से फैल रही थी। समय रहते पहुंची फायर यूनिट ने स्थिति का जायजा लेते हुए तुरंत आग बुझाने का कार्य शुरू किया। टीम ने मोटर फायर इंजन से पंपिंग कर आग पर काबू पाया और उसे पूरी तरह बुझा दिया।

समय पर की गई कार्रवाई

अधिकारियों के अनुसार, समय पर की गई कार्रवाई के चलते आग को फैलने से रोक लिया गया, जिससे आसपास के क्षेत्र में किसी बड़े नुकसान की आशंका टल गई। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है, जिसकी जांच की जा रही है।

अग्निशमन कार्य सफलतापूर्वक संपन्न होने के बाद फायर सर्विस यूनिट सुरक्षित रूप से फायर स्टेशन लौट आई। इस अभियान में एलएफएम गिरीश धारियाल, एफएस डीवीआर हरि सिंह, एफएम जीवन जोशी और डब्ल्यूएफएम पूजा थापा की अहम भूमिका रही।

दमकल विभाग ने लोगों से अपील की है कि जंगल क्षेत्रों में आगजनी से बचने के लिए सतर्कता बरतें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत विभाग को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *