वैशाली में भीषण डकैती: बम धमाकों के बीच आभूषण दुकानदार के घर में डकैतों ने बोला धावा, पुलिस पर सवाल

 वैशाली जिले के महनार थाना क्षेत्र के थानपुर गांव में सोमवार रात भीषण डकैती की वारदात से सनसनी फैल गई। वर्षों बाद हुई इस बड़ी घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया।

करीब 25-30 की संख्या में आए हथियारबंद बदमाशों ने आभूषण व्यवसायी सुरेश शाह के पुत्र रंजीत कुमार के घर को निशाना बनाया और जेवरात समेत अन्‍य सामान लूटकर फरार हो गए।

पीड़ित परिवार के अनुसार, बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए एक दर्जन से अधिक बम विस्फोट किए, फायरिंग भी किया। जिससे पूरा गांव सहम गया। धमाकों के डर से कोई भी घर से बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा सका।

पुलिस पर लापरवाही का आरोप

डकैती के दौरान रंजीत कुमार और सुरेश शाह के साथ मारपीट भी की गई। पीड़ितों का आरोप है कि घटना के समय बार-बार पुलिस को फोन किया गया।

लेकिन महनार थाने की पुलिस समय पर नहीं पहुंची। डायल-112 की टीम आई, लेकिन बिना ठोस कार्रवाई के लौट गई।

दरवाजा तोड़कर घुसे, बम फेंककर मचाई दहशत

जानकारी के अनुसार, बदमाशों ने पहले घर के मुख्य गेट को काटकर तोड़ा और फिर अंदर घुस गए। इसके बाद 10 से अधिक बम धमाके कर पूरे इलाके में भय का माहौल बना दिया।

सभी बदमाशों ने अपने चेहरे गमछा और मास्क से ढंके हुए थे, जिससे उनकी पहचान नहीं हो सकी। बताया जाता है कि रंजीत कुमार की चांदसराय में ‘पूजा ज्वेलर्स’ नाम से सोना-चांदी की दुकान है।

दो घंटे बाद पहुंची पुलिस, ग्रामीणों में आक्रोश

ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद पुलिस करीब दो घंटे बाद मौके पर पहुंची। उनका कहना है कि इतनी बड़ी संख्या में बदमाशों का गांव में प्रवेश, बम धमाके और घंटों तक लूटपाट होना पुलिस गश्ती और खुफिया तंत्र की बड़ी विफलता को दर्शाता है।

पूर्व मुख‍िया अभय कुमार ने बताया कि इस तरह की घटना आजतक नहीं देखे। पुलिस को लगातार घर के लोग कॉल करते रहे।

कहा गया कि सुबह में आएंगे। पता नहीं पुलिस को क्‍या हो गया है। क्‍या लोगों के मारे जाने पर पुलिस पहुंचेगी। यह अत्‍यंत चिंताजनक है।

जांच में जुटी पुलिस

घटना में घायल रंजीत कुमार और सुरेश शाह का स्थानीय स्तर पर इलाज कराया गया है। महनार एसडीपीओ प्रवीण कुमार ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच की जा रही है।

घर और गेट के टूटे होने की पुष्टि हुई है, वहीं बम विस्फोट की बात भी सामने आई है। उन्होंने कहा कि सभी तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

प्रारंभिक जांच में कुछ स्थानीय लोगों की संलिप्तता की आशंका जताई गई है। सीसीटीवी फुटेज में करीब पांच संदिग्ध नजर आए हैं।

इस घटना के बाद क्षेत्र में भय का माहौल है और एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। यह जदयू के प्रदेश अध्‍यक्ष उमेश कुशवाहा का विधानसभा क्षेत्र है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *