जय प्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर विमान परिचालन को और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से बुधवार को एयरफील्ड एनवायरमेंट मैनेजमेंट कमेटी (एईएमसी) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता पटना प्रमंडल आयुक्त अनिमेष पराशर ने की। बैठक में एयरपोर्ट के आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने और नियमित निगरानी की आवश्यकता पर विशेष बल दिया गया।
समिति की बैठक में कहा गया कि एयरफील्ड के आसपास गंदगी, खुले कचरे और जलजमाव जैसी स्थितियां पक्षियों को आकर्षित करती हैं, जिससे बर्ड स्ट्राइक (पक्षियों से टकराव) की घटनाएं बढ़ती हैं। यह विमान सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकता है।
अध्यक्ष ने संबंधित विभागों और एजेंसियों को निर्देश दिया कि वे समन्वित रूप से कार्य करते हुए एयरपोर्ट परिसर और उसके आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखें। नियमित निरीक्षण, कचरा प्रबंधन और संवेदनशील स्थानों की पहचान कर वहां विशेष निगरानी रखने की भी बात कही गई।
एयरपोर्ट के आसपास मांस मछली की दुकानें किसी भी हालत में नहीं चलनी चाहिए। इसके लिए सतत निगरानी करते रहें। बैठक में विभिन्न हितधारकों- नगर निकाय, एयरपोर्ट अथॉरिटी, वन विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियों- की भूमिका की सराहना की गई।
समिति ने कहा कि सभी विभागों के संयुक्त प्रयास से ही बर्ड स्ट्राइक की घटनाओं को प्रभावी ढंग से कम किया जा सकता है। एयरपोर्ट प्रशासन ने भी दोहराया कि वह विमानन सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी संबंधित एजेंसियों के साथ मिलकर समन्वित प्रयास जारी रखेगा, ताकि यात्रियों और विमानों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
बैठक में एयरपोर्ट डायरेक्टर सी पी द्विवेदी, पटना डीएम डॉ. त्याग राजन एस एम, नगर आयुक्त यशपाल मीणा, पटना जू के डायरेक्टर व संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।


