झांसी-मानिकपुर रेलखंड के दोहरीकरण कार्य के चलते क्योटरा रेलवे क्रासिंग पर स्थित अंडरपास को 45 दिनों के लिए बंद कर दिया गया है।
रेलवे की ओर से इसे एक अप्रैल (बुधवार) से 15 मई तक बंद किया जाना था, लेकिन निर्धारित तिथि के बाद रविवार दोपहर बैरिकेडिंग लगाकर अंडरपास को बंद किया गया।
रविवार दोपहर से अंडरपास पर आवागमन पूरी तरह रोक दिए जाने से शहर के एक बड़े हिस्से के लोगों को अब करीब दो किलोमीटर लंबा अतिरिक्त रास्ता तय करना पड़ रहा है। बंदी के कारण लोगों को बिना पूर्व तैयारी के वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ा।
रेलवे द्वारा दोहरीकरण कार्य तेजी से कराया जा रहा है। नई रेल लाइन के लिए मिट्टी का कार्य लगभग पूरा हो चुका है और अब पुल व पुलियों का निर्माण जारी है। केन नदी पर पुराने पुल के समानांतर नया पुल बनाया जा रहा है, जिसके पिलर तैयार हो चुके हैं।
अंडरपास को किया जा रहा चौड़ा
इसी क्रम में क्योटरा अंडरपास को भी चौड़ा व दोहरा किया जा रहा है, जिसके चलते इसे अस्थायी रूप से बंद किया गया है। अंडरपास बंद होने के बाद कुछ लोग जोखिम उठाते हुए रेलवे पटरियों से ही आवागमन कर रहे हैं, जिससे हादसे की आशंका बढ़ गई है।
अंडरपास बंद होने का सीधा असर शहर की आवाजाही पर पड़ा है। रेलवे लाइन के कारण शहर पहले से दो हिस्सों में बंटा हुआ है और क्योटरा अंडरपास प्रमुख संपर्क मार्ग था। इसके बंद होने से लोगों को अब लंबा चक्कर लगाकर दूसरे रास्तों में कचहरी ओवर ब्रिज से होकर गुजरना पड़ रहा है, जिससे समय और दूरी दोनों बढ़ गई है।
खासकर कचहरी क्षेत्र, आदर्श बजरंग इंटर कालेज और आसपास के इलाकों में आने-जाने वाले लोगों को अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पहले जहां लोग सीधे अंडरपास से निकल जाते थे, वहीं अब उन्हें लंबा वैकल्पिक मार्ग अपनाना पड़ रहा है।
रेलवे ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए अंडरपास बंद किया है, ताकि निर्माण कार्य के दौरान किसी तरह की दुर्घटना न हो, लेकिन निर्धारित तिथि के बाद बंदी किए जाने के बावजूद लोगों की परेशानियां कम नहीं हुई हैं।
काम शुरू, बैरिकेडिंग के बाद भी जिम्मेदार अनभिज्ञ
अंडरपास में निर्माण कार्य शुरू कर बैरिकेडिंग लगा दी गई और आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया गया, इसके बावजूद जिम्मेदारी संभाल रहे स्टेशन निदेशक सुधीर कुमार सोहाने ने कहा कि उन्हें इस संबंध में न तो कोई जानकारी है और न ही कोई औपचारिक नोटिस उनको प्राप्त हुई है।


