सिंगरौली RTO की सख्त कार्रवाई: बिना परमिट संचालित हो रही 5 बसें जब्त

सिंगरौली। जिले में परिवहन नियमों का उल्लंघन कर संचालित हो रहे वाहनों के खिलाफ आरटीओ विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। औचक चेकिंग के दौरान बिना परमिट चल रही पांच बसों को जब्त किया गया है। जिला परिवहन अधिकारी विक्रम सिंह राठौर के नेतृत्व में जयंत बस स्टैंड के पास चलाए गए चेकिंग अभियान में यह कार्रवाई की गई। जांच के दौरान बस चालकों से वैध परमिट और अन्य आवश्यक दस्तावेज मांगे गए, लेकिन पांच बसों के चालक कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।

इस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी पांच बसों को जब्त कर लिया गया और आगे की वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। आरटीओ विक्रम सिंह राठौर ने बताया कि बिना परमिट या अधूरे दस्तावेजों के साथ वाहन संचालन करना नियमों का गंभीर उल्लंघन है, जिसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।सूत्रों के अनुसार, जब्त की गई बसें नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) परियोजना में संविदा के तहत संचालित हो रही थीं, जो खदान क्षेत्र में कर्मचारियों के आवागमन के लिए उपयोग में लाई जा रही थीं।

आरटीओ विभाग की इस कार्रवाई से वाहन संचालकों में हड़कंप मच गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि आगे भी इस तरह की चेकिंग जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *