नवानगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 826 ग्राम गांजा व मोटरसाइकिल सहित दो आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

सिंगरौली। अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध नवानगर पुलिस ने गांजा तस्करी और बिक्री में संलिप्त आरोपियों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक विंध्यनगर उमेश कुमार प्रजापति के नेतृत्व में थाना प्रभारी नवानगर डॉ. अनिल कुमार पटेल एवं उनकी टीम द्वारा यह कार्रवाई की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 25 मार्च 2026 को थाना नवानगर में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक को कस्बा भ्रमण के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि संजू साकेत निवासी करेला, रविराज साकेत निवासी माजनखुर्द तथा देवमणी साकेत निवासी थाना बरगवां क्षेत्र से मोटरसाइकिल के जरिए नवानगर के दनवा बाबा मंदिर के पास गांजा बेचने पहुंचे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए मौके पर दबिश दी। दनवा बाबा मंदिर के सामने स्थित यात्री प्रतीक्षालय में तीन संदिग्ध युवक बैठे दिखाई दिए, जो पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर दो आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया।

तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से मरून रंग की पन्नी में रखा कलीयुक्त मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने विधिवत जब्ती कार्रवाई करते हुए कुल 826 ग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 12,000 रुपये है, जब्त किया। इसके अलावा एक मोटरसाइकिल (क्रमांक MP 66 MJ 9257, यामाहा एफजेड) जिसकी कीमत करीब 1 लाख रुपये बताई जा रही है, भी जब्त की गई। उक्त वाहन फरार आरोपी का होना बताया गया है। इस मामले में थाना नवानगर में अपराध क्रमांक 0057/2026 धारा 8/20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और आगे की विवेचना जारी है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

सराहनीय भूमिका:

इस कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक डॉ. अजीत सिंह, सहायक उपनिरीक्षक अरविंद चतुर्वेदी, प्रधान आरक्षक प्रवीण सिंह, प्रधान आरक्षक राजा ठाकुर, आरक्षक अमृत राजपूत एवं आरक्षक दीपक ओझा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *