संभल में फिंगर प्रिंट और आईरिस बदलकर बना रहे थे फर्जी आधार कार्ड, पुलिस ने तीन को पकड़ा

थाना बहजोई पुलिस ने फर्जी तरीके से आधार कार्ड तैयार कर लोगों से अवैध वसूली करने वाले संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जिनसे बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रानिक उपकरण व दस्तावेज बरामद किए हैं।

गिरोह अवैध साफ्टवेयर और अन्य राज्यों की लागिन आईडी के जरिए आधार डेटा में बदलाव कर अनुचित लाभ कमा रहा था। खास बात यह है कि यह आधार केंद्र हरियाणा के गुरुग्राम और मध्य प्रदेश में बैठे कुछ लोगों के संपर्क में है, जिनके जरिए से फर्जी साफ्टवेयर तैयार करके केंद्र संचालित किए जाते हैं।

संभल स्थित कार्यालय पर इस गिरोह का पर्दाफाश करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने बताया कि बहजोई के प्रभारी निरीक्षक अजीत सिंह, उपनिरीक्षक नरेंद्र सिंह और अपर्णा बंसल के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए फर्जी तरीके से आधार बनाने वाली एक गिरोह का पर्दाफाश हुआ है।

जिसमें बहजोई थाना क्षेत्र के गांव निवासी ढयोढाई के जसवीर, बहजोई थाना क्षेत्र गांव मनैना रामगढ़ निवासी हरीश कुमार, थाना जुनावई के गांव नंदपुर निवासी बिल्टू को गिरफ्तार किया है।

जबकि इनके अन्य साथी सुरेंद्र कुमार निवासी गांव डुप्टा खुर्द थाना रजपुरा, ईश्वर मेघवाल निवासी अज्ञात, सतपाल निवासी गनूपुरा थाना जुनावई, जितेंद्र निवासी गांव हुसैनपुर थाना जुनावई और ओमेंद्र यादव निवासी गांव हुसैनपुर थाना जुनावई फरार हैं।

लंबे समय से सक्रिय था गिरोह

पूछताछ में सामने आया कि यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और अन्य राज्यों में बैठे अपने साथियों से आधार पोर्टल की अधिकृत लागिन आईडी व पासवर्ड प्राप्त करता था।

इसके बाद अवैध साफ्टवेयर की मदद से इन आईडी को निर्धारित केंद्रों से बाहर किसी भी स्थान पर लागिन कर लेते थे, जबकि ऐसी आईडी केवल अधिकृत स्थानों जैसे डाकघर या बैंक पर ही उपयोग की जा सकती है।

इसके बाद यह लोग फिंगर प्रिंट, फोटो और आईरिस डेटा में कूटरचित बदलाव कर फर्जी आधार कार्ड तैयार करते थे जो इनका सबसे गंभीर अपराध था, इसके बदले यह लोगों से अधिक धन वसूलते थे और इस कमाई को अपने अन्य साथियों व मध्यस्थों के साथ बांट लेते थे।

पुलिस ने इनके कब्जे से आधार कार्ड की पावती व रसीदें, एनरोलमेंट फार्म, तैयार आधार कार्ड, दो लैपटाप, दो प्रिंटर स्कैनर, दो फिंगर प्रिंट स्कैनर, दो आई स्कैनर, दो वेब कैमरा, तीन डाटा केबल, दो माउस, दो यूएसबी हब, दो एक्सटेंशन बोर्ड, एलईडी लाइट, तीन मोबाइल और एक गोल मोहर बरामद की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *