नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बनकर तैयार हो गया है। 28 मार्च को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इसका उद्घाटन करेंगे। इसी एयरपोर्ट से फरीदाबाद की कनेक्टिविटी के लिए ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का निर्माण अभी पूरा नहीं हो सका है।
जुलाई तक इसके एक भाग का काम पूरा करने का दावा किया गया है। इसलिए एयरपोर्ट तक जाने के लिए कनेक्टविटी का शहरवासियों को अभी और इंतजार करना होगा। दूसरे भाग यानी कुंडली-गाजियाबाद-पलवल एक्सप्रेसवे से दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे तक कनेक्टिविटी के लिए अगले साल तक इंतजार करना होगा।
वैसे एयरपोर्ट से कुंडली-गाजियाबाद-पलवल एक्सप्रेसवे वाले भाग का काम तेजी से चल रहा है। कुछ ही दिन पहले दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे से लिंक होकर नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट तक बन रहे ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे की बढ़ी हुई लागत को केंद्र सरकार की अनुमति दे दी थी। इसके बाद काम में तेजी आ गई है।
एलिवेटेड हिस्से से लागत हुई दोगुणी
पहले इस परियोजना की लागत 1660 करोड़ थी जो बढ़कर 3630.77 करोड़ हो गई है। क्योंकि पहले इस परियोजना का कोई भी हिस्सा एलिवेटेड नहीं था लेकिन बाद में मास्टर प्लान 2031 के तहत सेक्टर न बंटे, इसलिए आठ किलोमीटर एलिवेटेड बनाया जा रहा है।
एलिवेटेड भाग साहुपुरा सेक्टर-65 के मोड़ से लेकर सोतई-बहबलपुर गांव तक बन रहा है। एलिवेटेड बनने के कारण रहा कि परियोजना की लागत दोगुणा से अधिक हो गई।


