हरियाणा के सोनीपत जिले में सोमवार तड़के चार बजे एक भीषण सड़क हादसे में दिल्ली के दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी युवक मुरथल में परांठे खाने के बाद वापस दिल्ली लौट रहे थे।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली से पांच युवक होंडा अमेज कार में सवार होकर मुरथल पहुंचे थे। देर रात परांठे खाने के बाद वे वापस दिल्ली लौट रहे थे। सोमवार सुबह करीब चार बजे उनकी तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगी रेलिंग तोड़ते हुए हादसे का शिकार हो गई।
घायलों का दिल्ली में इलाज जारी
इस हादसे में 25 वर्षीय विशाल (पुत्र श्याम), निवासी नंद नगर, दिल्ली और 26 वर्षीय बिलाल (पुत्र अब्दुल), निवासी चांदबाग, दिल्ली की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कार में सवार उनके तीन अन्य साथी गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को पहले पीजीआई रोहतक रेफर किया गया था, लेकिन परिजन उन्हें दिल्ली ले गए, जहां किसी निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस के मुताबिक, मृतकों के शवों का सोमवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। खराब मौसम के कारण अभी तक दोनों के परिजन अस्पताल नहीं पहुंच पाए हैं।


