चार साल रिलेशनशिप में रहने के बाद युवक अपनी प्रेमिका से छिपाकर शादी नहीं कर पाया। इसकी सूचना पर पहुंची प्रेमिका ने बिनावर थाने में हंगामा कर दिया और जब उसने कार्रवाई कराने की मांग की तो उसका प्रेमी बैकफुट पर आ गया। बाद में उसके स्वजन ने प्रेमिका को मंदिर में ले जाकर शादी करा दी। तब कहीं यह मामला शांत हुआ और प्रेमिका दुल्हन बनकर उसके घर विदा हो गई।
मुजरिया थाना क्षेत्र से तय हुई थी युवक की शादी
बिनावर थाना क्षेत्र के एक युवक का रामपुर जिले की युवती से पिछले करीब चार साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। वह चार साल से रिलेशनशिप में रह रहे थे लेकिन उन्होंने अभी तक शादी नहीं की थी।
बताया जा रहा कि अभी कुछ दिन पहले युवक के परिवार वालों ने उसका रिश्ता मुजरिया थाना क्षेत्र की एक युवती से तय कर लिया। घर में शादी की तैयारियां शुरू हो गई। अभी तीन दिन पहले युवक के परिवार वाले लड़की के घर जाकर गोद भराई की रस्म भी निभा कर आए थे।
तीन दिन पहले निभाई गई थी गोदभराई की रस्म
इधर जब इसके बारे में उसकी प्रेमिका को पता चला तो वह रविवार को बिनावर थाने पहुंच गई और उसने प्रेमी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा कर दिया। इसकी जानकारी होते ही युवक और उसके परिवार वाले भी बिनावर थाने आ गए। उन्होंने युवती को मनाने का काफी प्रयास किया लेकिन वह बिना शादी के मानने को तैयार नहीं हुई।
पुलिस ने दोनों के घर वालों को समझाया
पुलिस ने भी उसे समझाया। आखिरकार युवक और उसके घर वाले शादी करने को मान गए। वह दोनों को नजदीक के एक मंदिर में ले गए। वहां दोनों की शादी कराई गई। रामपुर की युवती अपने प्रेमी के साथ उसके घर चली गई।
इंस्पेक्टर अरिहंत कुमार सिद्धार्थ ने बताया कि युवती ने अपने प्रेमी के खिलाफ तहरीर दी थी लेकिन बाद में दोनों का फैसला हो गया और उन्होंने आपस में शादी कर ली।


