ताजमहल से दिल्ली साइकिल यात्रा मथुरा से लौटाई, हिंदू महासभा की हर स्मारक पर तिरंगा फहराने की मांग

 ताजमहल समेत अन्य स्मारकों पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराने के लिए कानून बनाने की मांग को ताजमहल से शनिवार को दिल्ली तक के लिए शुरू हुई अखिल भारत हिंदू महासभा की यात्रा को पुलिस ने मथुरा में रोक दिया। रिफाइनरी थाना पुलिस ने शांति व्यवस्था को खतरा बताते हुए ज्ञापन ले लिया। कार्यकर्ताओं को आगरा वापस लौटने की हिदायत देते हुए फरह टोल प्लाजा पर छोड़ दिया गया।

स्मारकों पर तिरंगा फहराने की मांग को अखिल भारत हिंदू महासभा ने शुरू की थी दिल्ली की यात्रा

अखिल भारत हिंदू महासभा की जिलाध्यक्ष मीरा राठौर के नेतृत्व में साइकिल यात्रा शनिवार सुबह 11 बजे ताजमहल के पश्चिमी गेट के समीप स्थित आरके फोटो चौराहा से शुरू हुई। उन्हें 18 मार्च को दिल्ली में संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत को ज्ञापन सौंपना था। समर्थन मांगने सांसद हेमा मालिनी के निवास पर भी जाना था।

थाने ले जाकर रिफाइनरी पुलिस ने लिया ज्ञापन, कार्यकर्ताओं को आगरा की सीमा पर छोड़ा

मथुरा में जन्मभूमि और ईदगाह पर तिरंगा फहराने की सूचना पर पुलिस-प्रशासन सक्रिय हो गया। रिफाइनरी थाना क्षेत्र में साइकिल यात्रा को रोककर सभी को थाना ले जाया गया। शाही ईदगाह पर तिरंगा फहराने से शांति व्यवस्था को खतरा बताते हुए यात्रा को आगे नहीं बढ़ने दिया गया। महासभा के कार्यकर्ताओं से ज्ञापन लेने के बाद उन्हें फरह टोल प्लाजा पर छोड़ते हुए आगरा लौटने की सख्त हिदायत दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *